
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के रेड लाइट एरिया में उत्तर प्रदेश की रहने वाली 22 वर्षीय डांसर मुस्कान कुमारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में किराए के कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। मामले में आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
मृतका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली थी और पिछले करीब पांच वर्षों से मुजफ्फरपुर के रेड लाइट एरिया में रहकर नर्तकी के रूप में काम कर रही थी। बीते करीब एक महीने से वह रुखसाना नाम की महिला के तीन मंजिला मकान की पहली मंजिल पर किराए के कमरे में अकेली रह रही थी। मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे अन्य किराएदार किसी काम से ऊपर पहुंचे तो घटना का पता चला।
कमरे से मिले फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य
घटना की सूचना के बाद फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कमरे से उंगलियों के निशान, सिगरेट के टुकड़े और अन्य संभावित साक्ष्य एकत्र कर सील किए गए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कमरे में मिले फिंगरप्रिंट किसके हैं। पुलिस वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल से खुलेगा राज
नगर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आएगी। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
प्रेम प्रसंग का एंगल भी जांच के दायरे में
स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया कि मुस्कान का मुजफ्फरपुर के रामबाग क्षेत्र के एक युवक से कुछ समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था और उसका कमरे पर आना-जाना था। इससे पहले भी रेड लाइट एरिया के एक अन्य युवक के साथ उसके संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
मकान मालकिन ने क्या बताया
मकान मालकिन के अनुसार मुस्कान गौतम नाम के एक युवक के साथ रहती थी, लेकिन पिछले 40 से 50 दिनों से वह युवक वहां नहीं आया था। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें दोनों के बीच किसी विवाद की जानकारी नहीं है।
दरवाजा धक्का देने पर खुल गया
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया शव कमरे की ग्रिल से लटका मिला। जांच के दौरान दरवाजे को हल्का धक्का देने पर वह खुल गया। घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है और पुलिस मामले की हर एंगल से पड़ताल कर रही है।



