मध्य प्रदेशराज्य

ट्रेन में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा, बैतूल में युवक की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी फरार

भोपाल: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में ट्रेन में सीट को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। पेंचवेली एक्सप्रेस में यात्रियों के बीच शुरू हुई कहासुनी के बाद एक 25 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार देर रात बोरदेही रेलवे स्टेशन पर हुई, जहां हमलावरों ने युवक को ट्रेन से नीचे उतारकर बेरहमी से हमला किया।

मृतक की पहचान छिंदवाड़ा निवासी अली खान के रूप में हुई है। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

सीट को लेकर हुई थी कहासुनी

मृतक के दोस्त और प्रत्यक्षदर्शी जयंत विश्वकर्मा के मुताबिक, वे चार लोग पेंचवेली एक्सप्रेस से भोपाल जा रहे थे। यात्रा के दौरान परासिया स्टेशन पर एक अज्ञात व्यक्ति ट्रेन में चढ़ा, जिसके साथ सीट को लेकर विवाद हो गया।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, शुरुआती बहस के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन दूसरे पक्ष ने इस विवाद को लेकर रंजिश पाल ली और आगे की योजना बना डाली।

बोरदेही स्टेशन पर पहले से मौजूद थे 10-12 लोग

जयंत विश्वकर्मा ने बताया कि परासिया स्टेशन पर विवाद के बाद उस व्यक्ति ने अपने साथियों को बोरदेही रेलवे स्टेशन पर बुला लिया। जैसे ही ट्रेन वहां पहुंची, पहले से मौजूद 10 से 12 लोगों ने अली खान को ट्रेन से नीचे उतार लिया और उस पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने युवक के साथ जमकर मारपीट की। हमला इतना अचानक और गंभीर था कि साथ मौजूद लोग खुद को बचाने के लिए वहां से भाग गए।

प्लेटफॉर्म पर ही तोड़ दिया दम

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने अली खान को लात-घूंसों के साथ अन्य हथियारों से भी निशाना बनाया। गंभीर चोटों के कारण युवक ने रेलवे प्लेटफॉर्म पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश

घटना के बाद पुलिस ने स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। जांच एजेंसियां अब रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं।

जीआरपी आमला के थाना प्रभारी प्रमोद पाटिल ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। स्टेशन पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक के साथियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button