स्पोर्ट्स

भारत की बेटियों का कारनामा, जापान को 4-0 से हराकर जीता ‘महिला एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी’ का खिताब

रांची. भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को यहां एकतरफा फाइनल में जापान को 4-0 से हराकर एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी का खिताब जीत लिया। भारत के लिए संगीता (17वें मिनट), नेहा (46वें मिनट), लालरेमसियामी (57वें मिनट) और वंदना कटारिया (60वें मिनट) ने गोल दागे।

संगीता और वंदना ने मैदानी गोल दागे जबकि नेहा और लालरेमसियामी ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किए। कोबायाकावा शिहो ने 22वें मिनट में जापान के लिए गोल किया था लेकिन वीडियो रेफरल के बाद उनके इस प्रयास को खारिज कर दिया गया। जापान को 52वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला था लेकिन काना उराता के शॉट को भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया ने रोक दिया। इस शानदार जीत के बाद हॉकी इंडिया ने कि झारखंड महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी रांची 2023 की विजेता टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये और सभी सहयोगी स्टाफ को 1.5 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की।

भारत ने इससे पहले टूर्नामेंट के लीग चरण और एशियाई खेलों के कांस्य पदक के प्लेऑफ में भी जापान को 2-1 के समान अंतर से हराया था। हांगझोउ एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले चीन ने दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। चेन यी (तीसरे मिनट) और लूओ टियानटियान (47वें मिनट) ने चीन के लिए गोल दागे। कोरिया के लिए मैच का इकलौता गोल अन सुजिन ने पेनल्टी कॉर्नर पर किया। चीन ने इससे पहले एशियाई खेलों के फाइनल में भी कोरिया को 2-0 से हराया था।

जीत के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता पुनिया ने कहा, “हम अभी बहुत अच्छा महसूस कर रहे हैं। जब हम यहां आए तो थोड़ा घबराए हुए थे क्योंकि जापान बहुत अच्छी टीम है। जापान ने बहुत अच्छा खेला। हमने मध्यांतर के बाद आक्रामक खेल दिखाया।”वहीं, भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच जेनेके शोपमैन ने कहा, “फाइनल में 4-0 की कभी उम्मीद नहीं थी। यह कठिन था लेकिन इसे बनाया। यहां समर्थन वास्तव में अद्भुत है। यह था यहां खेलना शानदार है।”

Related Articles

Back to top button