अपराधउत्तर प्रदेशराज्य

शादी के बाद भी चलता रहा प्रेम प्रसंग, पति बना रास्ते का रोड़ा तो पत्नी ने प्रेमी संग रच दी खौफनाक साजिश

मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोपागंज थाना क्षेत्र के कसारा गांव के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों ने अवैध प्रेम संबंध में बाधा बन रहे पति की हत्या कर शव घटनास्थल पर छोड़ दिया था। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर पूरे मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

कसारा गांव के पास मिला था युवक का शव

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कुंज बिहारी राजभर निवासी कुतुबपुर, थाना मुहम्मदाबाद गोहना के रूप में हुई। उसका शव कोपागंज थाना क्षेत्र के कसारा गांव के पास लावारिस अवस्था में मिला था। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू की।

शादी से पहले से था प्रेम संबंध

जांच में सामने आया कि कुंज बिहारी की शादी मधुबन थाना क्षेत्र के महुई गांव निवासी नेहा राजभर से हुई थी। पुलिस के मुताबिक नेहा का विवाह से पहले से ही महुई गांव निवासी गुड्डू कुमार उर्फ गुड्डू भारती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। पुलिस ने बताया कि नेहा ने गुड्डू को अपना रिश्तेदार बताकर पति से परिचित कराया था, ताकि किसी को उनके संबंधों पर संदेह न हो।

मुंबई से लौटने के बाद रची गई हत्या की साजिश

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि करीब एक वर्ष पहले तीनों मुंबई में रह रहे थे। लगभग दो महीने पहले वे मऊ लौट आए। आरोप है कि इसके बाद नेहा और गुड्डू ने कुंज बिहारी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 25 जुलाई को नेहा ने मुंबई जाने का बहाना बनाकर पति को मऊ रेलवे स्टेशन बुलाया और वहां से उसे कसारा ले गई, जहां पहले से गुड्डू मौजूद था। पुलिस के अनुसार इसी दौरान तीनों के बीच विवाद और मारपीट हुई, जिसमें कुंज बिहारी की मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी शव को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने कसारा चौराहे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में मृतक दोनों आरोपियों के साथ दिखाई दिया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मंगलवार को उपनिरीक्षक अमितेष मिश्र ने पुलिस टीम के साथ मुहम्मद अली इंटर कॉलेज, इंदारा के पास घेराबंदी कर गुड्डू कुमार उर्फ गुड्डू भारती (28) और नेहा राजभर (21) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में मिले साक्ष्यों के बाद दोनों भेजे गए जेल

क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पूछताछ में मिले तथ्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

Related Articles

Back to top button