
नई दिल्ली: पोटैशियम शरीर के लिए बेहद जरूरी मिनरल और इलेक्ट्रोलाइट है, जो रक्तचाप को संतुलित रखने, पोषक तत्वों को कोशिकाओं तक पहुंचाने और नसों व मांसपेशियों के सामान्य कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, एक स्वस्थ वयस्क को प्रतिदिन लगभग 4,700 मिलीग्राम पोटैशियम की आवश्यकता होती है। हालांकि अधिकांश लोग अपनी रोजमर्रा की डाइट से इसकी पर्याप्त मात्रा नहीं ले पाते। आम धारणा है कि पोटैशियम का सबसे बड़ा स्रोत केला है, लेकिन कई ऐसे खाद्य पदार्थ भी हैं जिनमें केले से अधिक पोटैशियम पाया जाता है।
आलू
आलू पोटैशियम का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। 136 ग्राम के एक आलू में लगभग 515 मिलीग्राम पोटैशियम होता है, जबकि एक छोटा भुना हुआ आलू करीब 738 मिलीग्राम पोटैशियम प्रदान कर सकता है। अलग-अलग किस्मों के आलू में इसकी मात्रा अलग हो सकती है।
अनार
एक अनार से लगभग 666 मिलीग्राम पोटैशियम प्राप्त होता है। इसके अलावा इसमें विटामिन सी, विटामिन के, फोलेट, प्रोटीन और फाइबर भी अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं, जो शरीर को कई अन्य पोषण संबंधी लाभ भी देते हैं।
एवोकाडो
100 ग्राम एवोकाडो में लगभग 487 मिलीग्राम पोटैशियम पाया जाता है। यह स्वस्थ वसा, विटामिन के और फोलेट का भी अच्छा स्रोत है। इसमें सोडियम कम होने के कारण यह उच्च रक्तचाप वाले लोगों के लिए भी लाभकारी माना जाता है।
शकरकंद
एक मध्यम आकार के शकरकंद में लगभग 541 मिलीग्राम पोटैशियम होता है। इसमें फाइबर, कार्बोहाइड्रेट, कम वसा, थोड़ी मात्रा में प्रोटीन और भरपूर विटामिन ए भी पाया जाता है।
पालक
156 ग्राम यानी एक कप पालक में लगभग 540 मिलीग्राम पोटैशियम मौजूद होता है। इसके साथ ही यह विटामिन ए, विटामिन के, फोलेट और मैग्नीशियम का भी समृद्ध स्रोत है। कच्चे पालक से भी अच्छी मात्रा में पोटैशियम प्राप्त किया जा सकता है।
सफेद बीन्स
179 ग्राम यानी एक कप पकी हुई सफेद बीन्स में लगभग 829 मिलीग्राम पोटैशियम पाया जाता है। इसमें फाइबर, प्रोटीन, आयरन और विटामिन बी भी अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं। इसे सलाद या अन्य व्यंजनों में शामिल किया जा सकता है।
नारियल पानी
240 मिलीलीटर यानी एक कप नारियल पानी में लगभग 600 मिलीग्राम पोटैशियम होता है। इसके अलावा इसमें मैग्नीशियम, कैल्शियम, सोडियम और मैंगनीज जैसे महत्वपूर्ण इलेक्ट्रोलाइट्स भी पाए जाते हैं, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं।
चुकंदर
करीब 170 ग्राम उबले हुए चुकंदर में लगभग 518 मिलीग्राम पोटैशियम मिलता है। यह फोलेट का भी अच्छा स्रोत है और हृदय स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है। इसे सलाद, सब्जी या उबालकर खाया जा सकता है।
सोयाबीन की फलियां
155 ग्राम यानी एक कप सोयाबीन की फलियों में लगभग 676 मिलीग्राम पोटैशियम पाया जाता है। इसके अलावा इसमें फोलेट, विटामिन के, मैग्नीशियम और मैंगनीज भी पर्याप्त मात्रा में मौजूद होते हैं। इसे उबालकर आसानी से आहार में शामिल किया जा सकता है।



