बिहारराज्य

पटना में 20 अक्टूबर को रावण दहन के चलते बदलेगा ट्रैफिक प्लान, गांधी मैदान जाने वाले कई रास्ते बंद; घर से निकलने से पहले जान लें रूट

पटना: दशहरा के अवसर पर 20 अक्टूबर को गांधी मैदान में होने वाले रावण वध कार्यक्रम को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। भारी भीड़ और वीवीआईपी आवाजाही को देखते हुए गांधी मैदान और आसपास की प्रमुख सड़कों पर वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। डाकबंगला चौराहा और भट्टाचार्य चौराहा से गांधी मैदान की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। वहीं, नेहरू पथ से गांधी मैदान की ओर आने वाले व्यावसायिक वाहनों को आयकर गोलंबर से दूसरे रास्ते पर भेजा जाएगा। यातायात प्रतिबंध सुबह 11 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगा।

सुबह 11 बजे से लागू होंगे ट्रैफिक प्रतिबंध

रावण दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने गांधी मैदान के चारों ओर और यहां तक पहुंचने वाली प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने का फैसला किया है। ट्रैफिक एसपी सागर कुमार के मुताबिक, प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन और ठेला खड़ा करने की भी अनुमति नहीं होगी।

हालांकि, एंबुलेंस, अन्य आपातकालीन वाहनों और वैध पास वाले वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी जाएगी। वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

इन प्रमुख रास्तों पर नहीं चलेंगे वाहन

20 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से गांधी मैदान की ओर जाने वाले कई मार्गों पर यातायात बंद रहेगा। इनमें प्रमुख रूप से ये रास्ते शामिल हैं:

  • डाकबंगला चौराहा और भट्टाचार्य चौराहा से गांधी मैदान की ओर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
  • न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे।
  • डाकबंगला चौराहा से वाहनों को न्यू डाकबंगला रोड की ओर और भट्टाचार्य मोड़ से राजेंद्र पथ की ओर मोड़ा जाएगा।
  • आयुक्त कार्यालय के सामने जेपी गंगा पथ पर गोलंबर से गांधी मैदान की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
  • रामगुलाम चौक से पश्चिम की ओर जेपी गोलंबर जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।
  • जेपी गोलंबर से चिल्ड्रेन पार्क के बीच का मार्ग सुरक्षित रखा जाएगा।
  • ठाकुरबाड़ी मोड़ और बाकरगंज मोड़ से पश्चिम की ओर गांधी मैदान जाने वाले वाहन नहीं चलेंगे।
  • आईएमए हॉल, होटल पनास, ट्विन टावर और मौर्या होटल के सभी कटिंग से गांधी मैदान की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
  • अशोक राजपथ पर गोविंद मित्रा रोड मोड़ से पश्चिम की ओर कारगिल चौक जाने वाले वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
  • बुद्ध मार्ग पर कोतवाली टी से पुलिस लाइन तिराहे तक गांधी मैदान की ओर जाने वाले सभी रास्ते बंद रहेंगे।

इसके अलावा, नेहरू पथ से गांधी मैदान की ओर जाने वाले रिक्शा, ठेला और ऑटो को आयकर गोलंबर से दाहिनी ओर वीरचंद पटेल पथ की तरफ मोड़ दिया जाएगा।

पटना सिटी से पटना जंक्शन जाने के लिए अपनाएं यह रास्ता

यातायात प्रतिबंध के दौरान वाहन चालकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए गए हैं। पटना सिटी से पटना जंक्शन जाने वाले वाहन अशोक राजपथ से गांधी चौक पहुंचकर भिखना पहाड़ी मोड़, बारी पथ, मछुआटोली, दिनकर गोलंबर, नाला रोड, अप्सरा गोलंबर और सीडीए बिल्डिंग होते हुए पटना जंक्शन जा सकेंगे।

इस मार्ग का इस्तेमाल करने से वाहन चालकों को गांधी मैदान के आसपास प्रतिबंधित सड़कों से बचने में मदद मिलेगी।

दानापुर और पटना जंक्शन से आने वालों के लिए वैकल्पिक रूट

दानापुर से गांधी मैदान की ओर आने वाले वाहन राजापुर पुल से बाईं ओर मुड़कर बोरिंग रोड चौराहे की तरफ जा सकेंगे।

वहीं, पटना जंक्शन से गांधी मैदान की ओर जाने वाले वाहन डाकबंगला, न्यू डाकबंगला रोड, भट्टाचार्य चौराहा, सीडीए बिल्डिंग और गोरियाटोली के रास्ते जा सकेंगे।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 20 अक्टूबर को गांधी मैदान के आसपास निकलने से पहले निर्धारित मार्गों की जानकारी जरूर ले लें। इससे जाम से बचने और अपने गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी।

Related Articles

Back to top button