उत्तराखंड

उत्तराखंड से गुजरात और मुंबई का सफर अब होगा आसान, रेलवे ने शुरू की सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेनें; जानिए पूरा रूट और टाइम टेबल

बरेली। यात्रियों की बढ़ती सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने उत्तराखंड, गुजरात और महाराष्ट्र के बीच यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत दी है। रेलवे प्रशासन ने गुजरात के प्रतापनगर से उत्तराखंड के लालकुआं तक सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन मई से जून तक संचालित की जाएगी। खास बात यह है कि यह ट्रेन बरेली जंक्शन, बरेली सिटी और इज्जतनगर स्टेशन से होकर गुजरेगी, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।

इसके साथ ही रेलवे ने महाराष्ट्र के बांद्रा टर्मिनस और बोरीवली से गोरखपुर के लिए भी एक-एक जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। ये ट्रेनें मैलानी रूट से संचालित होंगी और इनका ठहराव बरेली सिटी व इज्जतनगर स्टेशन पर रहेगा।

जून तक चलेगी प्रतापनगर-लालकुआं सुपरफास्ट स्पेशल

पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि ट्रेन संख्या 09119 प्रतापनगर-लालकुआं सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल प्रतापनगर से 3, 10, 17, 24, 31 मई और 7, 14, 21, 28 जून को प्रत्येक रविवार को चलाई जाएगी।

वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 09120 लालकुआं-प्रतापनगर सुपरफास्ट स्पेशल लालकुआं से 4, 11, 18, 25 मई और 1, 8, 15, 22, 29 जून को प्रत्येक सोमवार को रवाना होगी। रेलवे के मुताबिक यह सेवा कुल 18 फेरों तक संचालित की जाएगी।

प्रतापनगर से लालकुआं तक ऐसा रहेगा ट्रेन का शेड्यूल

09119 प्रतापनगर-लालकुआं सुपरफास्ट स्पेशल प्रतापनगर से शाम 5 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन वडोदरा, गोधरा, दाहोद, रतलाम, कोटा, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा जंक्शन, हाथरस सिटी, कासगंज और बदायूं होते हुए अगले दिन सुबह 10 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी।

इसके बाद ट्रेन बरेली सिटी, इज्जतनगर, बहेड़ी और किच्छा स्टेशन से गुजरते हुए दोपहर 12:45 बजे लालकुआं पहुंचेगी।

लालकुआं से वापसी का समय

वापसी में 09120 लालकुआं-प्रतापनगर सुपरफास्ट स्पेशल लालकुआं से दोपहर 3:50 बजे रवाना होगी। ट्रेन किच्छा, बहेड़ी, इज्जतनगर, बरेली सिटी और बरेली जंक्शन होते हुए रात में बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी और मथुरा पहुंचेगी।

इसके बाद अगले दिन भरतपुर, गंगापुर सिटी, कोटा, रतलाम, दाहोद, गोधरा और वडोदरा से गुजरते हुए प्रतापनगर पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे।

बांद्रा और बोरीवली से गोरखपुर के लिए भी स्पेशल ट्रेन

रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 09157 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर और 09158 गोरखपुर-बोरीवली टर्मिनल अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का भी फैसला किया है।

09157 स्पेशल ट्रेन 3 मई को बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी। यह ट्रेन बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, भरतपुर और मथुरा जंक्शन होते हुए दूसरे दिन बरेली सिटी और इज्जतनगर पहुंचेगी। इसके बाद पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर, गोंडा, बस्ती और खलीलाबाद होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी।

वहीं वापसी में 09158 गोरखपुर-बोरीवली स्पेशल 4 मई को गोरखपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन बस्ती, गोंडा, सीतापुर, मैलानी, पीलीभीत, इज्जतनगर, बरेली सिटी, मथुरा, भरतपुर, कोटा, रतलाम, वडोदरा और सूरत होते हुए बोरीवली पहुंचेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन ट्रेनों में भी यात्रियों की सुविधा के लिए 20 कोच लगाए जाएंगे।

यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा

रेलवे की ओर से शुरू की गई इन स्पेशल ट्रेनों से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिलेगी। खासकर गर्मियों की छुट्टियों और बढ़ती यात्रा मांग के बीच इन ट्रेनों से लंबी दूरी के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button