
कैबिनेट बैठक में श्रद्धांजलि: पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी और निशानेबाज जसपाल राणा के निधन पर मंत्रिमंडल ने जताया शोक
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक की शुरुआत शोक प्रस्ताव के साथ हुई। बैठक में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी और देश के प्रसिद्ध निशानेबाज तथा पद्मश्री सम्मानित जसपाल राणा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया गया।
बैठक के प्रारंभ में मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान दोनों महान हस्तियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके योगदान को याद किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी ने प्रदेश के विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में उत्तराखंड की प्रगति और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जसपाल राणा ने अपनी असाधारण खेल प्रतिभा और उपलब्धियों के दम पर देश और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गौरवान्वित किया। खेल जगत में उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
मंत्रिमंडल ने दोनों दिवंगत व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि समाज, प्रदेश और देश के लिए उनकी सेवाएं सदैव स्मरणीय रहेंगी।



