ट्रंप का नया टैरिफ प्लान! चीन के सस्ते सामान पर 7.5% शुल्क की तैयारी, कनाडा के ऑटो-स्टील पर 50% टैक्स का ऐलान

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन से आने वाले सामान पर नया टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहे हैं। मामले से जुड़े लोगों के मुताबिक, चीन पर वैश्विक बाजार में कम कीमत वाले सामान की बाढ़ लाने के आरोपों के बीच यह कदम उठाया जा रहा है। प्रस्तावित शुल्क 7.5 प्रतिशत हो सकता है, हालांकि इस पर अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है।
अमेरिकी प्रशासन ऐसा शुल्क स्तर तय करना चाहता है, जिससे अमेरिका और चीन के बीच करीब एक साल से चल रहा व्यापार समझौता प्रभावित न हो। साथ ही सितंबर के अंत में ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच प्रस्तावित बैठक पर भी इसका नकारात्मक असर न पड़े, इसे ध्यान में रखा जा रहा है।
पहले से लागू टैरिफ के ऊपर लगेगा नया शुल्क
प्रस्तावित 7.5 प्रतिशत शुल्क चीन पर पहले से लागू टैरिफ के अतिरिक्त लगाया जा सकता है। पिछले महीने अमेरिका ने करीब 60 अर्थव्यवस्थाओं से आने वाले सामान पर 10 से 12.5 प्रतिशत तक के शुल्क की घोषणा की थी।
अमेरिका ने इन देशों पर जबरन मजदूरी से तैयार उत्पादों पर रोक को प्रभावी तरीके से लागू नहीं करने का आरोप लगाया था। चीन समेत कई देशों ने इस फैसले का विरोध किया था।
चीन की ‘ओवरकैपेसिटी’ पर अमेरिका की जांच
ट्रंप प्रशासन ने मार्च में चीन समेत कई देशों की अतिरिक्त औद्योगिक क्षमता और जबरन मजदूरी से जुड़े नियमों को लेकर औपचारिक जांच शुरू की थी। चीन के मामले में जांच अमेरिकी व्यापार कानून की धारा 301 के तहत की जा रही है।
अमेरिका का आरोप है कि चीन की कई औद्योगिक इकाइयों में जरूरत से अधिक उत्पादन क्षमता है। इसके चलते वैश्विक बाजार में कम कीमत वाले उत्पादों की आपूर्ति बढ़ रही है। ऑटोमोबाइल, सौर पैनल, सीमेंट और स्टील जैसे क्षेत्रों में चीन की बड़ी उत्पादन क्षमता को लेकर उसके व्यापारिक साझेदार पहले भी चिंता जता चुके हैं। हालांकि, चीन ने ओवरकैपेसिटी के आरोपों को खारिज किया है।
चीन का व्यापार अधिशेष रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा
चीन में घरेलू मांग धीमी पड़ने के कारण कई कंपनियों ने विदेशी बाजारों का रुख किया है। इसके चलते चीन के निर्यात में बढ़ोतरी हुई और पिछले साल उसका व्यापार अधिशेष करीब 1.2 ट्रिलियन डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
चीन के वाणिज्य मंत्रालय का कहना है कि चीन ने कभी बड़े व्यापार अधिशेष को अपना लक्ष्य नहीं बनाया।
कनाडा पर ट्रंप का 50% टैरिफ का दबाव
चीन के साथ टैरिफ विवाद के बीच ट्रंप ने कनाडा पर भी शुल्क बढ़ाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2027 से कनाडा से आने वाली कारों, ट्रकों, ऑटो पार्ट्स और स्टील पर शुल्क बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया जाएगा।
ट्रंप ने कनाडा पर अमेरिकी कृषि उत्पादों पर ऊंचा शुल्क लगाने और अमेरिका के साथ अनुचित व्यापार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कंपनियों को अमेरिका में उत्पादन शुरू करने पर टैरिफ से छूट देने की बात भी कही।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि कनाडा के साथ मौजूदा व्यापार संबंध टिकाऊ नहीं हैं और वॉशिंगटन अब उसे पहले जैसी तरजीह नहीं देगा।
कनाडा मंगलवार को देगा जवाबी टैरिफ का जवाब
कनाडा मंगलवार को अमेरिका के खिलाफ जवाबी टैरिफ लगाने का ऐलान कर सकता है। मामले से जुड़े एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है। इससे दोनों देशों के बीच पहले से जारी व्यापार विवाद और गहराने की आशंका है।
यह कदम ऐसे समय सामने आया है, जब ट्रंप और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच व्यापार वार्ता टूटने के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव तेजी से बढ़ा है।
कार्नी ने अमेरिका पर कनाडा को अपने अधीन करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वार्ता के दौरान अमेरिका की व्यापार संबंधी मांगों से कनाडा की यह आशंका मजबूत हुई कि वॉशिंगटन उसके प्रमुख उद्योगों को कमजोर करना चाहता है।
उन्होंने ऑटोमोबाइल, स्टील और एल्युमिनियम जैसे क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि कनाडा ऐसी स्थिति स्वीकार नहीं करेगा, जिसमें उसे अमेरिका की सहायक इकाई के रूप में देखा जाए।



