उत्तर प्रदेशराज्य

देश और समाज की सुरक्षा को खतरा पैदा करने वालों के खिलाफ अंततः हिंसा आवश्यक: मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षा, राष्ट्रधर्म और विकास को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जब कोई देश या समाज की सुरक्षा के लिए खतरा बनता है, तो उसके खिलाफ अंततः हिंसा का मार्ग अपनाना ही पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अहिंसा भारतीय ऋषि परंपरा का सर्वोच्च सिद्धांत है, लेकिन जब परिस्थितियां राष्ट्र की सुरक्षा पर आ जाएं तो कठोर कदम उठाना भी धर्म का हिस्सा बन जाता है।

सुरक्षा पर सीएम का बड़ा बयान
मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत सुरक्षा व्यवस्था से ही दुनिया सम्मान करती है। कमजोर के आगे कोई नहीं झुकता। उन्होंने कहा कि आधी-अधूरी बातों से अर्थ का अनर्थ होता है, इसलिए पूरी स्पष्टता के साथ बात रखना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना और सुरक्षा बल हर परिस्थिति में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं और यही राष्ट्र की असली ताकत है।

नौसेना शौर्य वाटिका का लोकार्पण
सीएम योगी शनिवार को लखनऊ में करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से बनी नौसेना शौर्य वाटिका के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। यह परियोजना दो एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित की गई है। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री के साथ इसका उद्घाटन किया।

युवाओं को मिलेगी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वाटिका में आने वाले लोगों को भारतीय नौसेना के कार्य, उनके संघर्ष और कठिन परिस्थितियों में किए जाने वाले कार्यों की जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह केंद्र युवाओं में चुनौतियों से लड़ने और बड़े लक्ष्य तय करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने नौसेना के आदर्श वाक्य का उल्लेख करते हुए कहा कि ऊंचे लक्ष्य हासिल करने के लिए सोच भी उतनी ही बड़ी होनी चाहिए।

140 करोड़ देशवासी इसलिए सोते हैं चैन से
सीएम योगी ने कहा कि जब हमारे सैनिक माइनस तापमान, रेगिस्तान की गर्मी और समुद्री लहरों के बीच सीमा की रक्षा करते हैं, तब देश के 140 करोड़ नागरिक चैन की नींद सो पाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तुत विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा जब हर नागरिक सेना और सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान का भाव रखेगा।

विकास के लिए सुरक्षा जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा के बेहतर माहौल में ही विकास और जनकल्याण की योजनाएं प्रभावी रूप से आगे बढ़ती हैं। उन्होंने 2017 से पहले की कानून व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में भय और अराजकता का माहौल था, जिससे निवेश और विकास प्रभावित हुआ था।

सेना के पुराने टैंकों को लेकर सुझाव
सीएम योगी ने सुझाव दिया कि भारतीय सेना के निष्प्रयोज्य टैंकों को महत्वपूर्ण चौराहों पर प्रदर्शित किया जाना चाहिए, जिससे लोगों में सेना के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना और मजबूत हो।

नौसेना की भूमिका और सम्मान
मुख्यमंत्री ने नौसेना अध्यक्ष और उनकी टीम का आभार जताते हुए कहा कि इस परियोजना को समय पर पूरा करना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि लखनऊ आने वाले लोगों को यह केंद्र भारत की सैन्य परंपरा और शौर्य का अनुभव कराएगा। उन्होंने यह भी बताया कि आईएनएस गोमती ने लंबे समय तक समुद्री सीमाओं की रक्षा की और अब उसका उपयोग लखनऊ में एक प्रेरणादायक प्रतीक के रूप में किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button