उत्तर प्रदेशराज्य

UP फिर रचेगा नया रिकॉर्ड: एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य, CM योगी बोले- हर विद्यार्थी लगाए एक पौधा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार इस साल फिर एक बड़ा पर्यावरणीय रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री ने ‘वृहद पौधरोपण अभियान-2026’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जाए और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सिर्फ पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षित करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने ‘पौधे लगाएं भी, बचाएं भी’ का संदेश देते हुए आमजन से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

हर छात्र लगाएगा एक पौधा, आंगनबाड़ी केंद्रों में भी विशेष अभियान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को व्यापक स्तर पर लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में कम से कम पांच सहजन के पौधे लगाए जाएं।

इसके साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर विद्यार्थी कम से कम एक पौधा जरूर लगाए, ताकि नई पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाया जा सके।

गंगा एक्सप्रेस-वे और राजमार्गों के किनारे होगा बड़े स्तर पर पौधरोपण

सरकार की योजना के तहत गंगा एक्सप्रेस-वे के दोनों किनारों, नदियों के आसपास और प्रमुख राजमार्गों के किनारे बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। इसके लिए 4.35 करोड़ पौधे लगाने की तैयारी की गई है।

अयोध्या में रामायणकालीन प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। वहीं शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर वन और विशेष वाटिकाएं भी विकसित की जाएंगी।

2017 के बाद तेजी से बढ़ा हरित आवरण

बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि वर्ष 2009 से 2016 के बीच प्रदेश में 51.48 करोड़ पौधे लगाए गए थे, जबकि 2017 से 2025 के बीच यह संख्या बढ़कर 242.13 करोड़ तक पहुंच गई।

इसी अवधि में प्रदेश में वन एवं वृक्ष आवरण में 3.38 लाख एकड़ की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान में प्रदेश का हरित आवरण 9.96 प्रतिशत तक पहुंच चुका है।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2030 तक हरित आवरण 15 प्रतिशत और वर्ष 2047 तक इसे 20 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है।

तकनीक से होगी निगरानी, पौधों की सुरक्षा पर रहेगा फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधारोपण अभियान की सफलता केवल संख्या से नहीं, बल्कि पौधों की जीवितता से तय होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तकनीक आधारित मॉनिटरिंग के जरिए लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी की जाए।

सीएम योगी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण भविष्य की सबसे बड़ी जरूरत है और इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी बेहद जरूरी है।

Related Articles

Back to top button