उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राज्यलखनऊ

यूपी के वोटरों के पास फिर रिकॉर्ड बनाने का मौका, कई चर्चित चेहरों की है परीक्षा

लखनऊ: उतर प्रदेश में हो रहे विधानसभा के चौथे चरण में नौ जिलों की 59 सीटों पर बुधवार को मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा और शाम छह बजे तक चलेगा। इस चरण में 624 प्रत्याशी मैदान में हैं। शाम छह बजे तक जितने लोग मतदान केंद्र परिसर में कतार में खड़े होंगे उन्हें वोट देने का अधिकार होगा। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए 860 कंपनी अर्द्धसैनिक सुरक्षा बल तैनात किए हैं।

राजधानी लखनऊ की नौ विधानसभा सीटों पर कुल 109 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। आज वो निर्णायक दिन है जब 109 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। चुनाव के एक दिन पहले तक विभिन्न दलों के प्रत्याशी अपने समर्थन के लिए लोगों को जोड़ने में लगे रहे। कुछ दलों के नेता व उनके कार्यकर्ता मतदाताओं तक पर्चियां पहुंचने की जानकारी लेते रहे। पर्ची न पहुंचने पर पोलिंग स्टेशन से पर्ची लेने की सलाह देते रहे। फोन पर मतदान के लिए जरूरी पहचान के दस्तावेजों को ले जाने के बारे में जानकारी दी।

इस बार राजधानी का चुनाव ग्लैमर से दूर रहा। 2017 के विधानसभा और 2019 के लोक सभा चुनाव में जहां कई फिल्मी स्टार प्रचार के लिए राजधानी आए थे वहीं इस बार वह दूर रहे। भाजपा सांसद व भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी के अलावा कोई खास चेहरा नजर नहीं आया। हां, राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं ने जरूर चुनाव प्रचार को ऊंचाइयों पर पहुंचाया। भाजपा प्रत्याशियों के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा सहित तमाम केन्द्रीय मंत्रियों ने प्रचार किया वहीं सपा मुखिया अखिलेश यादव व बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी लखनऊ में सभा व रोड शो कर अपने प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।

2017 के विधान सभा चुनाव की तुलना में 2022 में प्रत्याशियों की संख्या कम है। वर्ष 2017 के विधान सभा चुनाव में 135 प्रत्याशियों ने ताल ठोंकी थी। इस बार चुनावी मैदान में कई चर्चित तो कई नए चेहरे भी सामने होंगे। सरोजनीनगर में पहली बार ईडी से वीआरएस लेकर राजनीति में उतरे राजेश्वर सिंह चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा कई और नए चेहरे भी हैं।

Related Articles

Back to top button