पंजाब

पंजाब के 2 पूर्व मंत्रियों पर Vigilance का शिकंजा, पूछताछ के लिए किया तलब

जालंधर: विजीलैंस ब्यूरो ने आय से अधिक सम्पत्ति के मामलों में 2 पूर्व मंत्रियों को तलब कर लिया है। ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि 31 मई को पूर्व कांग्रेस मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ को बुलाया गया है। कांगड़ को इससे पहले भी ब्यूरो ने बुलाया था परंतु कांगड़ ने तर्क दिया था कि वह स्वास्थ्य कारणों के चलते विजीलैंस ब्यूरो के पास आने में असमर्थ है। विजीलैंस ब्यूरो ने 5 जून को पूर्व कांग्रेस मंत्री तथा मौजूदा भाजपा नेता बलबीर सिंह सिद्धू को भी बुलाया है।

ब्यूरो के उच्चाधिकारियों ने बताया कि वास्तव में विजीलैंस ब्यूरो इन दोनों मामलों में आय की तुलना में अधिक सम्पत्ति बनाने को लेकर जांच कर रहा है। ब्यूरो ने अपने पास कुछ रिकार्ड इकट्ठा किया हुआ है। अब दोनों पूर्व मंत्रियों द्वारा विजीलैंस ब्यूरो के सामने अपनी सम्पत्ति को लेकर अपने दस्तावेज प्रस्तुत किए जाएंगे। इन दस्तावेजों की विजीलैंस द्वारा जांच की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि विजीलैंस ब्यूरो दोनों को प्रोफोर्मा दे चुका है और इस प्रोफोर्मे को भर कर दोनों पूर्व मंत्री विजीलैंस अधिकारियों के पास जमा करवाएंगे।

राज्य में विजीलैंस ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार के मामले को लेकर अभियान तेज किया गया है। इसे लेकर विजीलैंस ब्यूरो अलग-अलग नेताओं को तलब करने में लगा हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को भी प्रोफोर्मा दिया गया था जिसमें उनसे उनकी जायदाद के विवरण मांगे गए थे। बताया जा रहा है कि विजीलैंस ब्यूरो द्वारा जून महीने में चरणजीत सिंह चन्नी को भी बुलाए जाने के आसार हैं। वह एक बार तो विजीलैंस अधिकारियों के सामने पेश हो चुके हैं।

Related Articles

Back to top button