स्पोर्ट्स

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी ODI से पहले टीम इंडिया से जुड़े विराट कोहली

नई दिल्ली : 5 अक्टूबर से आईसीसी वर्ल्ड कप का आगाज होना है और इससे पहले 22 सितंबर से टीम इंडिया तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेल रही है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो मैचों से कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली को आराम दिया गया था। दोनों सीरीज के आखिरी मैच से पहले टीम इंडिया से जुड़ रहे हैं। दोनों ही इस सीरीज में आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच में खेलने उतरेंगे। विराट कोहली एशिया कप 2023 के बाद मिले ब्रेक के बाद टीम इंडिया से जुड़ गए हैं। सीरीज का आखिरी मैच 27 सितंबर को राजकोट में खेला जाना है, जिसके लिए विराट कोहली राजकोट पहुंच चुके हैं। विराट कोहली एशिया कप में दमदार प्रदर्शन करने के बाद वर्ल्ड कप में जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। विराट ने एशिया कप के सुपर-4 में पाकिस्तान के खिलाफ दमदार शतक ठोका था। वर्ल्ड कप से ठीक पहले टीम इंडिया ने एशिया कप खिताब जीता और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है।

विराट कोहली अपना चौथा वर्ल्ड कप खेलने उतरेंगे। उन्होंने 2011 में अपने करियर का पहला वनडे वर्ल्ड कप खेला था, जो भारत में ही खेला गया था और भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में यह वर्ल्ड कप जीता था। इसके बाद 2015 वर्ल्ड कप में वह महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में ही टीम इंडिया का हिस्सा थे। 2019 वर्ल्ड कप में उन्होंने टीम इंडिया की कप्तानी की थी। भारत ने 2011 वर्ल्ड कप खिताब जीतने के बाद 2015 और 2019 में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। 2015 में भारत ऑस्ट्रेलिया से सेमीफाइनल में हारा था, जबकि 2019 में भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। वर्ल्ड कप 2023 में भारत को सबसे प्रबल दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। भारत वर्ल्ड कप 2023 में नंबर-1 वनडे टीम बनकर उतरेगा।

Related Articles

Back to top button