उत्तराखंड

उत्तराखंड में मौसम के बदले मिजाज, देहरादून सहित राज्‍य के अधिकतर इलाकों में बारिश

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम के बदले मिजाज के बीच मैदानों में अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि दुश्वारी बढ़ा रही है। पहाड़ों में हल्की वर्षा और बर्फबारी से ठिठुरन लौट आई है। वहीं शनिवार तड़के से ही देहरादून सहित राज्‍य के अधिकतर इलाकों में बारिश जारी रही। केदारनाथ, बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। जिससे ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। विकासनगर में भी लगातार बारिश जारी है। बारिश के चलते मौसम ठंडा होने पर फिर से गर्म कपड़े निकल गए। बारिश होने से किसान और बागवानों के चेहरे खिले नजर आए।

मसूरी में देर रात ढाई बजे बारिश शुरू हुई। रुड़की में भी शुक्रवार रात से बारिश जारी है। पौड़ी, कोटद्वार व आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है। बारिश के कारण तापमान गिरा है। वहीं बारिश से आम और लीची की फसल को नुकसान पहुंचा है। रुद्रप्रयाग जिले में घने बादल छाए हुए हैं। यहां भी बारिश की संभावना बन रही है।

शुक्रवार दोपहर से देहरादून में बादलों ने डेरा डाला और शाम को अंधड़ चलने लगी। देर शाम हल्की बूंदाबांदी हुई और रातभर झमाझम वर्षा दर्ज की गई। शनिवार की सुबह भी बारिश जारी रही। दून के बाहरी क्षेत्रों और मसूरी के आसपास कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। दून में रात को हुई झमाझम वर्षा से तापमान ने गोता लगाया और ठिठुरन महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार दून में रात साढ़े आठ बजे से साढ़े नौ बजे तक एक घंटे के भीतर 10 मिमी वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में देवीधुरा, जखोली, नैनीताल, धनोल्टी, चकराता, भीमताल, मुक्तेश्वर ज्योलीकोट आदि स्थानों पर सर्वाधिक वर्षा हुई। अन्य क्षेत्रों में भी हल्की बौछारें पड़ीं।

Related Articles

Back to top button