उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड में आज से बदलेगा मौसम, देहरादून समेत 7 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में शुक्रवार से मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। देहरादून समेत सात जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, राज्य के बाकी जिलों में भी तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक राज्य के सभी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा सभी जिलों में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश का तेज से अति तेज दौर देखने को मिल सकता है।

देहरादून में सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा रहा तापमान

देहरादून में गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। तापमान बढ़ने से शहर में उमस का असर भी रहा।

मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री और न्यूनतम 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां 0.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री और न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पिथौरागढ़ में 14.6 मिमी, खटीमा में 4 मिमी और मसूरी में 0.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

बदरीनाथ से लौट रही बस का ब्रेक फेल, सभी यात्री सुरक्षित

ज्योतिर्मठ। बदरीनाथ से 25 यात्रियों को लेकर हरिद्वार जा रही बस गुरुवार को लामबगड़ के पास हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची। बस का ब्रेक फेल होने के साथ स्टेयरिंग लॉक हो गया, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पत्थर से टकरा गया।

सूचना मिलने पर गोविंदघाट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं आई। इसके बाद पुलिस ने दूसरे वाहन की व्यवस्था कर सभी यात्रियों को हरिद्वार रवाना किया।

ब्रेक फेल होने से सड़क से नीचे गिरी पिकअप

नई टिहरी। थाना छाम क्षेत्र के नागराजाधार में गुरुवार सुबह करीब 5:40 बजे ब्रेक फेल होने के बाद एक पिकअप सड़क से नीचे गिर गई। वाहन चीड़ के पेड़ में अटक गया, जिससे चालक अंदर ही फंस गया।

पुलिस ने रेस्क्यू कर चालक कमल (37), पुत्र अशोक, निवासी विलसंडा, पीलीभीत को बाहर निकाला। इसके बाद उसे 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। पिकअप देहरादून से उत्तरकाशी जा रही थी और उसमें ऑनलाइन डिलीवरी का सामान लदा हुआ था।

Related Articles

Back to top button