उत्तर प्रदेश

THAR के बोनट पर चढ़े समर्थक तो BJP सांसद ने जोड़ लिए हाथ, बोले- ‘गाड़ी टूट जाएगी बेटा, बनवाने के पैसे नहीं हैं’

अकबरपुर: उत्तर प्रदेश के अकबरपुर से भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले की तिरंगा यात्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ समर्थक सांसद की खुली थार के बोनट पर चढ़े नजर आ रहे हैं। समर्थकों को गाड़ी पर चढ़ा देखकर सांसद ने पहले उन्हें नीचे उतरने के लिए समझाया और फिर हाथ जोड़कर अपील की।

2 हजार से ज्यादा लोग और 150 से अधिक वाहन हुए शामिल

भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने बुधवार को अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे कानपुर नगर के भौती से हुई। काफिला करीब एक बजे कानपुर देहात के रनियां पहुंचा। यात्रा में 2 हजार से अधिक लोग और 150 से ज्यादा वाहन शामिल हुए। वाहनों को तिरंगे से सजाया गया था और पूरे काफिले में देशभक्ति के गीत बजते रहे।

सांसद खुद खुली थार में सवार होकर यात्रा का नेतृत्व कर रहे थे। रास्ते में कई जगह समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी और देशभक्ति के नारों के बीच यात्रा में समर्थकों का उत्साह देखते ही बना।

बोनट पर चढ़े समर्थक तो सांसद ने हाथ जोड़कर रोका

यात्रा जब रनियां पहुंची तो कुछ समर्थक उत्साह में सांसद की खुली थार के बोनट पर चढ़ गए। बताया जा रहा है कि वे सांसद के करीब पहुंचकर उनका स्वागत और माल्यार्पण करने की कोशिश कर रहे थे। गाड़ी के बोनट पर लोगों को चढ़ा देखकर सांसद ने उन्हें तुरंत नीचे उतरने के लिए कहा।

सांसद ने पहले सामान्य तरीके से समर्थकों को समझाया और गाड़ी से नीचे आने की अपील की। जब समर्थक नहीं उतरे तो उन्होंने हाथ जोड़ लिए। वायरल वीडियो में सांसद कहते दिखाई दे रहे हैं, “अरे बेटा लोग, कार से उतर जाओ, टूट जाएगी।”

‘टूट गई तो बनवाने के पैसे नहीं हैं’

इसके बाद सांसद ने समर्थकों से अपने अंदाज में कहा कि अगर गाड़ी टूट गई तो उसे बनवाने के लिए उनके पास पैसे नहीं हैं। सांसद की अपील के बाद समर्थक थार के बोनट से नीचे उतर गए। इसके बाद वाहन को आगे बढ़ाया गया और तिरंगा यात्रा जारी रही।

वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर चर्चा

सांसद की इस अपील का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में समर्थकों को नीचे उतरने के लिए कहते और हाथ जोड़कर अपील करते सांसद का अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए थे और कई स्थानों पर सांसद का स्वागत भी किया गया।

हालांकि, पूरे कार्यक्रम के दौरान थार के बोनट पर समर्थकों के चढ़ने की घटना सबसे ज्यादा चर्चा में आ गई। फिलहाल इस घटना में किसी नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। समर्थकों के नीचे उतरने के बाद यात्रा आगे बढ़ गई।

Related Articles

Back to top button