पंजाब

पटियाला में हथियारों सहित एक गिरफ्तार, इस खतरनाक गैंगस्टर से जुड़े हैं तार

पटियाला: सी.आई.ए. स्टाफ पटियाला की पुलिस ने इंचार्ज इंस्पैक्टर शमिन्द्र सिंह के नेतृत्व में खतरनाक गैंगस्टर लॉरैंस बिश्नोई के साथ जुड़े राहुल सिंह निवासी गांव पांडूया थाना सदर बदाऊ जिला बदाऊ यू.पी. को 5 हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। एस.एस.पी. वरुण शर्मा ने बताया कि राहुल सिंह से 4 पिस्तौल, एक रिवाल्वर और 25 कारतूस बरामद किए हैं। उसके खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। एस.एस.पी. ने बताया कि राहुल सिंह को पकड़ने वाला ऑप्रेशन एस.पी. (डी) हरबीर सिंह अटवाल, एस.पी. सिटी वजीर सिंह खैहरा, डी.एस.पी. डी. सुखअमृत सिंह रंधावा और इंस्पैक्टर शमिन्द्र सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने किया। राहुल सिंह को राजपुरा बाईपास मेन रोड पर चौक शेरमाजरा से नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया गया।

एस.एस.पी. ने बताया कि राहुल सिंह को इससे पहले वर्ष 2021 में थाना जीरकपुर जिला मोहाली में दर्ज एन.डी.पी.एस. एक्ट के अंतर्गत दर्ज केस में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे होशियारपुर जेल में भेज दिया गया, जहां राहुल सिंह का आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों के साथ मेल-जोल हुआ। इस दौरान उसकी जान-पहचान लॉरैंस बिश्नोई गैंग के दीपक उर्फ दीपू के साथ हुई जो लूट के मामले में पटियाला जेल में बंद है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र जेल में कत्ल और संगीन जुर्म में बंद नवीन उर्फ काला निवासी हाऊसिंग बोर्ड कालोनी जींद हरियाणा के साथ हुई थी।

राहुल जेल से बाहर आने के बाद जीरकपुर और बदाऊ में रहने लगा। इस दौरान राहुल ने कुछ नाजायज अस्ले मंगवाए थे, जिसकी सूचना सी.आई.ए. स्टाफ पटियाला के पास थी। सूचना के आधार पर स्पैशल ऑप्रेशन चलाकर सी.आई.ए. स्टाफ पटियाला ने राहुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। एस.एस.पी. ने बताया कि इस मामले में जल्द ही दीपक उर्फ दीपू और नवीन उर्फ काला को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर उनसे पूछताछ की जाएगी। एस.एस.पी. ने बताया कि राहुल सिंह को अदालत में पेश करके उसका 30 दिसम्बर तक का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। इस दौरान उससे बरामद हथियारों बारे पूछताछ की जाएगी।

Related Articles

Back to top button