उत्तराखंडराज्य

गोलू देवता के आशीर्वाद से उत्तराखंड में कभी नहीं होगा अन्याय, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कही बड़ी बात

हल्द्वानी: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हल्द्वानी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में उत्तराखंड की धार्मिक आस्था और वीर परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि गोलू देवता के आशीर्वाद से प्रदेश में हमेशा न्याय कायम रहेगा। उन्होंने कहा कि जिस धरती की रक्षा देवताओं के आशीर्वाद और वीरों के बलिदान से हुई हो, वहां अन्याय की कोई जगह नहीं हो सकती।

पूर्व सैनिक सम्मेलन में गोलू देवता को किया नमन

गौरव सेनानी मिलन समारोह को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कुमाऊं क्षेत्र की आस्था के प्रमुख केंद्र गोलू देवता को नमन किया। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी कुमाऊं का प्रवेश द्वार है और यह क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ-साथ वीरता और बलिदान की परंपरा के लिए भी जाना जाता है।

भाजपा अध्यक्ष ने मां कालीचौड़ के चरणों में शीश झुकाने के साथ मां नैना देवी की शक्तिपीठ और नींब करौरी बाबा के कैंची धाम को भी नमन किया। इसके बाद उन्होंने घोड़ाखाल स्थित गोलू देवता का स्मरण किया, जिन्हें कुमाऊं क्षेत्र में न्याय के देवता के रूप में पूजा जाता है।

उत्तराखंड की धरती पर हमेशा होगा न्याय: नितिन नवीन

नितिन नवीन ने कहा कि गोलू देवता का आशीर्वाद उत्तराखंड के साथ है। जिस भूमि पर देवी-देवताओं की कृपा और वीरों के बलिदान की गौरवशाली परंपरा रही है, वहां अन्याय नहीं हो सकता।

उन्होंने भरोसा जताया कि उत्तराखंड के साथ हमेशा न्याय होगा और प्रदेश के साथ देश भी लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल चार धामों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सैनिकों और वीरों की भूमि भी है।

सैनिकों की भूमि को बताया पंचम धाम

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैनिकों की इस पवित्र भूमि को पंचम धाम की संज्ञा दी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ऐसी धरती है, जहां लगभग हर घर से कोई न कोई बेटा देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए आगे बढ़ता है।

उन्होंने वीरभूमि उत्तराखंड की मिट्टी और यहां के सैनिक परिवारों को नमन करते हुए कहा कि प्रदेश के जवानों का योगदान देश की सुरक्षा में हमेशा महत्वपूर्ण रहा है।

Related Articles

Back to top button