दिल्लीराज्य

डेटिंग एप से मुलाकात के बाद महिला से दुष्कर्म, गिरफ्तार

नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के हॉज खास इलाके में 20 वर्षीय महिला से दुष्कर्म के मामले में एक वकील को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को बताया कि वकील ने महिला के साथ उसके आवास पर दुष्कर्म किया। डेटिंग एप के माध्यम से दोनों की मुलाकात हुई थी।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि 27 वर्षीय आरोपी वकील को दो सप्ताह पहले गिरफ्तार कर लिया गया था। जमानत मिलने के बाद कोर्ट ने उसे छोड़ दिया था। पुलिस पर उदासीनता के आरोप लगने के बाद गुरुवार को सोशल मीडिया पर यह मामला सामने आया।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत पर 20 जनवरी को मामला दर्ज कर लिया गया था। पीड़िता ने आरोप लगया कि वकील ने उसके आवास पर दुष्कर्म किया। वह एक चर्चित डेटिंग एप के माध्यम से वकील के संपर्क में आई थी।

पुलिस उपायुक्त बेनिता मैरी जैकर ने कहा कि सोनीपत के रहने वाले आरोपी को दो फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। वह दिल्ली के पुराने राजेंद्र नगर इलाके में रहता था। इस बीच यह आरोप लगाया गया कि पुलिस ने प्राथमिकी में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं को लागू नहीं किया।

Related Articles

Back to top button