स्पोर्ट्स

वीमेंस एशिया हॉकी चैंपियनशिप: भारत ने थाईलैंड को 7-1 से हराया

रांची : वीमेंस एशिया हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी 2023 का तीसरा मैच (Third match) भारत और थाईलैंड के बीच 8.30 में शुरु हुआ। भारत (India) ने सात गोल कर थाईलैंड (Thailand) पर जीत दर्ज की। जबकि थाईलैंड (Thailand) ने भारत (India) के खिलाफ सिर्फ एक गोल ही कर सकी। मैच के पहले स्टेडियम में जमकर आतिशबाजी हुई। सविता पूनिया की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने मुकाबले में शानदार शुरुआत की और पहले क्वार्टर के अंदर ही 2-0 की बढ़त बना ली। मेजबान टीम के लिए शुरुआती गोल मोनिका ने मैदानी गोल के रूप में सातवें मिनट में किया। इसके बाद टेटे सलीमा ने 15वें मिनट में एक और गोल दागकर स्कोर को 2-0 तक पहुंचा दिया।

हालांकि थाईलैंड ने भी दूसरे क्वार्टर में उस समय अपना खाता खोल लिया जब समोंसो सुपांसा ने 22वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर अपनी टीम के लिए पहला गोल दाग दिया। लेकिन भारतीय टीम भी कहां पीछे रहने वाली थी और 29वें मिनट में संगीता कुमारी के मैदानी गोल की बदौलत अपनी बढ़त को 3-1 कर दिया। भारत ने फिर तीसरे क्वार्टर में 40वें मिनट में एक गोल करके थाईलैंड पर 4-1 की शानदार बढ़त बना ली। मेजबान टीम का तूफानी प्रदर्शन आगे भी जारी रहा। पांच मिनट बाद ही फॉरवर्ड संगीता ने 45वें मिनट में लगातार दो गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी कर ली और भारत की बढ़त को 6-1 तक पहुंचा दिया। अंतिम कुछ मिनटों में भारत ने अपने आक्रमण को और ज्यादा तेज कर दिया और 52वें मिनट में लालरेमसियामी के मैदानी गोल के सहारे थाईलैंड के खिलाफ 7-1 की विशाल बढ़त कायम कर ली और इसी स्कोर के साथ मैच जीत लिया।

इससे पहले राज्य की राजधानी रांची में पहली बार आयोजित महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्राफी का शुक्रवार को रंगारंग आगाज हुआ। डिफेंडिंग चैंपियन जापान और मलेशिया के बीच पहला मैच खेला गया। मुकाबले में जापान ने मलेशिया को 3-0 से हराकर शानदार शुरुआत की। मैच में शानदार खेल के लिए नगाई हाजुकी को प्लेयर्स आफ द मैच का खिताब मिला।

जापान की टीम को 13वें मिनट में ओगावा रिका ने बढ़त दिलाई। यह टूर्नामेंट का पहला गोल था। हाफ टाइम तक जापान की टीम 1-0 से आगे रही। दूसरे हाफ के खेल में भी जापानी टीम ने लगातार हमला जारी रखा। तोरियामा मई ने 43वें मिनट में एक शानदार गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। खेल के अंतिम 54वें मिनट में शिहो ने पेनाल्टी कॉर्नर से गोलकर टीम को 3-0 से बड़ी जीत दिला दी।

इस दौरान मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा। स्टेडियम के भर जाने के बाद लोगों ने मोरहाबादी मैदान में लगे एलईडी स्क्रीन पर मैच देखा। खिलाड़ियों ने शानदार खेल के प्रदर्शन से लोगों का दिल जीत लिया। चीयरलीडर्स ने भी दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।

वीमेंस एशिया हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी 2023 का दूसरा मैच चीन और कोरिया के बीच शुक्रवार को शुरू हुई। रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ में आयोजित मैच के मुख्य अतिथि रामेश्वर उरांव, विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह और हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने संयुक्त रुप से उद्घाटन किया। 18 वें मिनट में कोरिया ने चाइना पर 1-0 की बढ़त बनायी। कोरिया ने पहले पेनाल्टी कॉर्नर का फायदा उठाते हुए एएन सुजिन ने इसे गोल में तब्दील कर दिया।

मैच के क्रम में चीन को 10 पेनाल्टी शूट आउट का मौका मिला, लेकिन इस मौके का फायदा उठाने में टीम असफल रही, तीसरे क्वाटर में भी कोरिया 1-0 से आगे रही। जबकि आखिरी मिनट तक चीन गोल के लिए संघर्ष करती दिखी, लेकिन चीन ने इस मैच को काफी आक्रामक तरीके से खेला। इसके बाद भी कोरिया ने 1-0 से मैच जीत लिया।

Related Articles

Back to top button