उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राजनीतिराज्यलखनऊ

अखिलेश यादव ने कहा- रमजान पर आजम खां को जेल से करें रिहा

लखनऊ: रमजान करीब आते ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को पार्टी के वरिष्ठ तथा फायरब्रांड नेता आजम खां की याद सताने लगी है। अखिलेश यादव ने रमजान के महीने में इबादत व रोजे का फर्ज अदा करने के लिए रामपुर से पार्टी के सांसद आजम खां को परिवार सहित जेल से रिहा करने की मांग की है। इन दिनों आजम खां अपनी विधायक पत्नी तथा बेटे के साथ जालसाजी तथा जमीन पर कब्जे करने के मामले में सीतापुर जेल में बंद हैं।

अखिलेश यादव ने कहा है कि रमजान के पवित्र महीने में लोग संयम, इबादत के साथ सबके भले के लिए दुआएं करते हैं। ऐसे में आजम खां और उनके परिवार को भी देश के स्वतंत्र नागरिक के रूप में अपने धार्मिक फर्ज की अदायगी का पूरा अवसर मिलना चाहिए। अखिलेश ने आजम की खराब सेहत का हवाला भी दिया है। अखिलेश यादव ने कहा है कि आजम खां को रमजान के मौके पर इबादत और रोजे का फर्ज अदा करने के लिए उन्हें परिवार सहित रिहा किया जाए।

अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खां प्रदेश के प्रतिष्ठित राजनेता हैं। वह सांसद हैं और उनकी पत्नी भी विधायक हैं। दोनों बीमार हैं। आजम के बेटे अब्दुल्ला आजम भी विधायक रहे हैं। आजम खां कई बार मंत्री और विधायक रह चुके हैं। वह राज्यसभा के सदस्य रहे हैं और वर्तमान में रामपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। रामपुर में मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय जैसा उच्च शैक्षणिक संस्थान उन्हीं की देन है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इनके साथ जो व्यवहार कर रही है वह अशोभनीय है। सत्ताधारी दल उनके साथ शत्रु जैसा व्यवहार कर रहा है। सरकारी इशारे पर फर्जी मुकदमें दर्ज किए गए हैं। अब उन्हें जेल में रखकर प्रताडि़त किया जा रहा है। भाजपा उनकी छवि बिगाडऩे की कोशिश में लगी है।

अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खां के प्रति सत्ता दल एवं सरकार विद्वेषपूर्ण व्यवहार कर रही है। आजम खां पर सरकारी इशारे पर तमाम फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए हैं और उन्हें जेल में रखकर प्रताडि़त किया जा रहा है। अब तो सत्ता दल उनकी छवि बिगाडऩे पर तुला है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के आचरण से समाज का एक वर्ग आतंकित है। अब तो उसमें असुरक्षा की भावना फैल रही है। इसके साथ आजम खां तो भाजपा की बदले की भावना के शिकार हैं। भाजपा हर मामले को सांप्रदायिक रंग देने का काम कर रही है। समाज में सद्भाव कायम रखने के लिए आवश्यक है कि सबके साथ न्याय होना चाहिए। अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार इन सबके साथ जो व्यवहार कर रही है वह अशोभनीय है।

Related Articles

Back to top button