राजनीतिराष्ट्रीयलखनऊ

अमेठी से होगी वंशवाद के खात्मे की शुरुआत : कुमार विश्वास

vishwasलखनऊ (दस्तक ब्यूरो)। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और कवि कुमार विश्वास ने कहा है कि देश में वंशवाद के खात्मे की शुरुआत अमेठी से ही होगी। देश के हर युवा को आगे बढ़ने और राजनीति करने का अधिकार है। कोई एक परिवार देश का भाग्य नहीं तय कर सकता। कुमार विश्वास ने लखनऊ  पहुंचने के बाद अमौसी हवाई अड्डे पर मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए यह बातें कही। विश्वास ने कहा  ‘‘देश में 67 वर्षों बाद वंशवाद के खात्मे की शुरुआत अमेठी से ही होगी। अमेठी में आप के कार्यकर्ता पहले से ही सक्रिय हैं। बिगुल बज चुका है और अब वंशवाद को फलने फूलने का मौका नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जिस तरह से लोगों ने आप पार्टी को प्यार दिया और 15 वर्ष पुरानी सत्ता को उखाड़ फेंका उसी तरह का प्यार अमेठी की जनता से भी मिलेगा। विश्वास ने कहा  ‘‘देश की जनता वंशवाद से छुटकारा चाहती है और इसकी शुरुआत अमेठी से होगी। दिल्ली से बदलाव की शुरुआत हो चुकी है और इसका असर पूरे देश पर पड़ेगा।’’ आप पार्टी के नेता कुमार विश्वास शनिवार को राजधानी में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान कई लोगों के आप से जुड़ने की सम्भावनाएं व्यक्त की जा रही हैं। विश्वास कल सड़क मार्ग से अमेठी के लिए रवाना हो जाएंगे। जहां वह अमेठी के गौरीगंज में आयोजित जन विश्वास रैली में हिस्सा लेंगे।

Related Articles

Back to top button