अन्तर्राष्ट्रीयटॉप न्यूज़ब्रेकिंग

अमेरिका के 40 शहरों में कर्फ्यू, व्हाइट हाउस पर प्रदर्शन के दौरान डोनाल्ड ट्रम्प को अंडरग्राउंड बंकर में ले जाना पड़ा

वॉशिंगटन : राजधानी वॉशिंगटन डीसी समेत 40 शहरों में कर्फ्यू लगाया जा चुका है। रविवार रात को भी प्रदर्शनकारियों ने व्हाइट हाउस के सामने काफी प्रदर्शन किया, लिहाजा सुरक्षाबलों को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। अमेरिका में अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के मामले में विरोध बढ़ता जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को व्हाइट हाउस के सामने प्रदर्शनों के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को कुछ देर के लिए अंडरग्राउंड बंकर में ले जाना पड़ा था।

वॉशिंगटन समेत 15 शहरों में करीब 5 हजार नेशनल गार्ड्स की तैनाती की गई है। जरूरत पड़ने के लिहाज से 2 हजार गार्ड्स को मुस्तैद रहने को कहा गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की टीम व्हाइट हाउस के बाहर इतनी बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के जुटने से हैरान थे।

हालांकि, यह साफ नहीं हो पाया कि मेलानिया और बैरन ट्रम्प को बंकर में ले जाया गया या नहीं। मिनेपोलिस में 26 मई को फ्लॉयड को पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया था। इससे पहले एक पुलिस अफसर ने फ्लॉयड को सड़क पर दबोचा था और अपने घुटने से उसकी गर्दन को करीब आठ मिनट तक दबाए रखा था।

फ्लॉयड के हाथों में हथकड़ी थी। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। इसमें 46 साल का जॉर्ज लगातार पुलिस अफसर से घुटना हटाने की गुहार लगाता रहा। उसने कहा, ‘आपका घुटना मेरे गर्दन पर है। मैं सांस नहीं ले पा रहा हूं…। धीरे-धीरे उसकी हरकत बंद हो जाती है। इसके बाद अफसर कहते हैं, ‘उठो और कार में बैठो’, तब भी उसकी कोई प्रतिक्रिया नहीं आती। इस दौरान आस-पास काफी भीड़ जमा हुई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

Related Articles

Back to top button