अपराधउत्तर प्रदेशराष्ट्रीय

अलीगढ़ में युवती ऑनर किलिंग की भेंट चढ़ी

katal अलीगढ़ (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद में प्रतिष्ठा की खातिर हत्या (ऑनर किलिंग) का एक मामला सामने आया है। प्रेम विवाह करने वाली एक युवती को उसके पिता ने अपने साथियों के साथ मिलकर शुक्रवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने युवती के पति को भी गोली मार दी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार एटा के जलेसर पटना पक्षी विहार निवासी पुरुषोत्तम ने डेढ़ साल पहले हाथरस निवासी कौशल किशोर की बेटी 25 वर्षीया आरती चौहान से प्रेम-विवाह किया था। आरती के घरवाले इस प्रेम-विवाह के खिलाफ थे। शुक्रवार को पुरुषोत्तम अपनी पत्नी आरती के साथ एक प्राइवेट बस से जा रहा था। रास्ते में अलीगढ़ के अकराबाद इलाके में आरती के पिता कौशल किशोर और उनके कुछ साथी बस में चढ़ गए। उन लोगों ने आरती और पुरुषोत्तम को गोली मार दी। आरती की मौके पर ही मौत हो गई  जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। बस में अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग निकले। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल पुरुषोत्तम को अस्पताल में भर्ती कराया। छानबीन के बाद पुलिस ने आरती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में आरती के पिता कौशल किशोर सहित अन्य लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Back to top button