लखनऊ

आई.आई.टी.-जे.ई.ई. लखनऊ में प्रथम, द्वितीय व तृतीय तीनों स्थान पर सी.एम.एस. छात्रों का कव्जा

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के मेधावी छात्रों लक्ष्य शर्मा, अमन तिवारी एवं रोहन गुप्ता ने लखनऊ में क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय, तीनों स्थान पर कब्जा कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि आई.आई.टी.-जे.ई.ई. एडवांस परीक्षा में इस वर्ष सी.एम.एस. से सर्वाधिक 80 छात्र चुने गये हैं, जो कि अपने आप में एक रिकार्ड है। श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने सी.एम.एस. के इन होनहार छात्रों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए उनके सफल भविष्य की कामना की है। डा. गाँधी ने सी.एम.एस. के कर्तव्यपरायण शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि सी.एम.एस. शिक्षकों के अथक परिश्रम का प्रतिफल है कि सी.एम.एस. छात्र प्रतिवर्ष आई.ए.एस., इन्जीनियरिंग, मेडिकल व अन्य व्यावसायिक सेवाओं में भारी संख्या में चयनित होकर विद्यालय का गौरव बढ़ा रहे हैं। श्री शर्मा ने बताया कि यह प्रसन्नता का विषय है कि विभिन्न प्रोफेशनल प्रतियोगिताओं एवं बोर्ड परीक्षाओं में सी.एम.एस. के मेधावी छात्र साल-दर-साल कीर्तिमान स्थापित करते आ रहे हैं। इस वर्ष भी सी.एम.एस. के 1938 छात्रों ने आई.एस.सी. व आई.सी.एस.ई. की बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इसके अलावा, सर्वाधिक 58 छात्र विश्व के टॉप विश्वविद्यालयों में स्कॉलरशिप के साथ उच्चशिक्षा हेतु चयनित हुए हैं।

Related Articles

Back to top button