International News - अन्तर्राष्ट्रीय

इंडोनेशिया : मृतकों की संख्या बढ़कर 832 हुई

जकार्ता : इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में रिक्टर पैमाने 7.5 की तीव्रता पर भूकंप के बाद आई सुनामी के चलते हुए हादसों में रविवार को मरने वालों की संख्या बढ़कर 832 हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की संख्या अभी और बढ़ने की आशंका है। देश के आपदा प्रबंधन एजेंसी के मुताबिक, बचाव कार्य अभी भी जारी है। द्वीप में शुक्रवार को आए भूकंप के बाद पानी इमारतों में घुस गया और 350,000 लोगों की आबादी वाले तटीय शहर पालू के घरों को बहा ले गया। मृतकों में 11 लोग डोंगगाला के हैं और 821 पालू प्रांत के। अभी तक कुछ विदेशी नागरिक लापता हैं। लापता विदेशी नागरिकों में एक फ्रेंच, एक साउथ कोरिया और कुछ दूसरे देशों के नागरिक हैं। आपदा प्रबंधन एजेंसी की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि लोगों को घरों से निकालना और राहत कार्य अंजाम देने में काफी प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। इंडोनेशिया के आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो नुग्रोहो ने रविवार को मृतकों की संख्या की पुष्टि करते हुए कहा कि अभी भी काफी लोग बुरी तरह से घायल हुए हैं और कई अभी भी मलबों के नीचे दबे हुए हैं। सुतोपो ने कहा कि बिजली और दूरसंचार सेवाएं ठप हो गई हैं, जिसके चलते पालू और पास के मछुआरे समुदाय डोंगगाला तक पहुंच बनाने में दिक्कत हो रही है। इंडोनेशिया में अंतर्राष्ट्रीय रेड क्रॉस के प्रमुख जेन जेलफेंड ने सीएनएन को बताया, ‘ऐसा सिर्फ शहरी इलाकों में नहीं है बल्कि दूरदराज के इलाकों में रह रहे समुदायों तक भी पहुंच बनाने में मुश्किल हो रही है।’ शहर के अधिकारियों ने शनिवार को भूकंप की आशंका के चलते लोगों से घरों में नहीं जाने और इमारतों से दूर सोने का आग्रह किया।

Related Articles

Back to top button