राष्ट्रीय

इरोम शर्मिला ने जारी किया पार्टी का घोषणापत्र

इंफाल (ईएमएस)। लगभग डेढ़ दशक तक अफ्सपा के खिलाफ लड़ाई लड़ रहीं मानवाधिकार कार्यकर्ता इरोम शर्मिला इस बार मणिपुर से विधानसभा चुनाव मैदान में हैं। इरोम शर्मिला द्वारा बनाई गई पार्टी ‘पीपुल्स रीसजरेंस एंड जस्टिस अलायंस (प्रजा)’ ने शुक्रवार को मणिपुर विधानसभा चुनाव से पहले अपना घोषणापत्र जारी किया है।

इरोम ने यह पार्टी अनशन के बावजूद कोई हल ना निकलने को बाद बनाई थी। इरोम की पार्टी प्रजा के घोषणापत्र में सशक्त बल विशेषाधिकार कानून (अफ्सपा) निरस्त करने और सभी निर्वाचित पदों पर महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान करने और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए लोकायुक्त का गठन करने की मांग की गई है। बता दें कि महज तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही प्रजा के संयोजक एरेंडो लिचोनबाम ने कहा कि पार्टी भले ही सरकार बनाने की स्थिति में नहीं रहे, लेकिन यह घोषणापत्र 2022 में होने वाले अगले विधानसभा चुनाव के लिए एक दृष्टिपत्र के तौर पर काम करेगा।

इरोम ने 16 वर्ष से चल रहा अपना अनशन पिछले साल खत्म करते वक्त कहा था कि वह मणिपुर से अफ्सपा हटाने के एकमात्र मकसद से विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती हैं। एरेंडो ने कहा कि हम अफ्सपा के खिलाफ लड़ रहे हैं और वह लड़ाई जारी रहेगी, लेकिन इसके अलावा हमें लगता है कि लोकायुक्त के गठन की जरूरत है, ताकि भ्रष्टाचार के मामलों की जांच हो सके और भ्रष्टाचार-मुक्त मणिपुर का मकसद पूरा हो सके। मणिपुर में विधानसभा की 60 सीटों पर अगले महीने 4 और 8 मार्च को दो चरणों में मतदान किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button