उत्तर प्रदेशफीचर्डराज्यराष्ट्रीय

इलाहबाद में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज, यूपी चुनाव अहम्

downloadइलाहाबाद। परिवर्तन के नारों और ऐसा ही संदेश दे रहे हजारों पोस्टरों-बैनरों के बीच भारतीय जनता पार्टी आज से शुरू हो रही राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के चुनाव पर महामंथन करेगी। संगमनगरी में पहली बार हो रहे इस सियासी महाकुंभ का आगाज शाम पांच बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में होगा। वह अगले दिन सोमवार को गंगा किनारे परिवर्तन रैली से प्रदेश में चुनावी शंखनाद भी करेंगे। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तीन प्रस्ताव पारित किए जाने की संभावना है।

बैठक और रैली के मद्देनजर पूरा इलाहाबाद भगवामय हो चुका है। बैठक स्थल के बाहर 265 प्लस के मिशन से जुड़े हुए पोस्टरों-बैनरों की भरमार है। तैयारियों की समीक्षा के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शनिवार शाम यहां पहुंच गए। उन्होंने राष्ट्रीय महासचिवों के साथ होटल-कान्हा श्याम में मंत्रणा की। वह रविवार को भाजपा के अन्य पदाधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे जिसमें सभी प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल होंगे।
सभी सदस्यों के रविवार दोपहर तक पहुंच जाने की संभावना है। कई सदस्य एयर इंडिया की अतिरिक्त फ्लाइट से आएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि कार्यकारिणी की बैठक शाम पांच बजे केपी कालेज के मैदान में शुरू होगी। उद्घाटन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित रहेंगे। मुख्य संबोधन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का होगा। उसके बाद आगे के सत्रों में विचार-मंथन का दौर चलेगा।

बैठक पार्टी की दो साल की उपलब्धियों के परिप्रेक्ष्य में होगी और इसमें गत मार्च माह में दिल्ली में हुई बैठक में पारित प्रस्तावों की समीक्षा की जाएगी। नए सदस्यों का परिचय भी कराया जाएगा। कार्यकारिणी की बैठक में तीन प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। करीब दस सत्रों में होने वाली इस बैठक के एजेंडे में अनेक विषय हैं जिसमें पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमांचल प्रदेश, पंजाब और गोवा के चुनावों पर चर्चा भी शामिल है। बैठक में समसामयिक राजनीतिक हालात, केंद्र सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों, संगठनात्मक रणनीति आदि मुद्दों पर चिंतन होगा। कार्यकारिणी का समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन से होगा।

मुख्यमंत्री पर चर्चा नहीं

एक सवाल के जवाब में भूपेंद्र यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला संसदीय बोर्ड को लेना है। इसलिए कार्यसमिति में इस पर चर्चा नहीं होगी। गौरतलब है कि नगर में सांंसद वरुण गांधी के समर्थन में कई पोस्टर लगाये गए हैं।

तय होगी संगठन की भी दिशा

इससे पहले संगठन के पदाधिकारियों की बैठक में अध्यक्ष अमित शाह ‘ग्र्रामोदय से भारत उदय’ समेत अन्य कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे। छह दिन बूथ स्तर पर जाकर लोगों से सीधे संवाद कार्यक्रम की भी समीक्षा की जाएगा। 23 जून से छह जुलाई के बीच पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्म दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के बारे में भी दिशा निर्देश दिए जाएंगे।

सोनोवाल होंगे आकर्षण का केंद्र

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति में असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल आकर्षण का केंद्र होंगे। बैठक के परिचय सत्र में उनका व सभी नए सदस्यों का परिचय कराया जाएगा। असम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को देखते हुए पदाधिकारियों के बीच उनकी चर्चा भी हुई.

Related Articles

Back to top button