अन्तर्राष्ट्रीय

ईरान ने हज भगदड़ मामले की जांच की मांग की

दस्तक टाइम्स/एजेंसी
iran-presidentसंयुक्त राष्ट्र: ईरान के राष्ट्रपति हसन रुहानी ने संयुक्त राष्ट्र में सऊदी अरब में हज यात्रा के दौरान मची भगदड़ में 700 से ज्यादा लोगों की मौत के मामले की जांच की मांग की है। ईरान का अपने चिर प्रतिद्वंदी सऊदी अरब की आलोचना को लेकर नरम रूख अपनाने का कोई इरादा नहीं है। रुहानी ने वैश्विक विकास लक्ष्यों पर संयुक्त राष्ट्र के समेलन में हज त्रासदी पर अपने गुस्से को जगजाहिर कर दिया। ईरान और सऊदी अरब में मुस्लिम विश्व का नेता बनने की होड़ लगी रहती है। रुहानी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कल अपने संबोधन में हज भगदड़ और क्रेन गिरने की एक अन्य घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जरुरत पर जोर दिया। सऊदी अरब ने शुक्रवार को इस घटना के लिए तीर्थयात्रियों द्वारा दिशा निर्देशों का पालन न करने को जिम्मेदार ठहराया था। ईरान ने इस भगदड़ में अपने 131 नागरिकों के मारे जाने को लेकर आक्रोश जताया। सऊदी अरब के विदेश मंत्री अदेल अल जुबेर ने ईरान पर इस मामले में राजनीति करने का आरोप लगाया।
जुबेर ने कहा, ‘यह ऐसी घटना नहीं है जिस पर राजनीति की जाए। मैं उमीद करता हूं कि ईरान के नेता ज्यादा समझदारी दिखाएंगे और इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताएंगे। जांच के परिणाम आने तक इंतजार करें।’ सऊदी अरब में मक्का के निकट मीना में गुरूवार को शैतान को कंकड मारने की रस्म के समय भगदड़ मच गई थी जिसमें 769 लोगों की मौत हो गई। दो सप्ताह पहले मक्का में एक क्रेन के गिरने से 110 लोगों की मौत हो गई थी।

Related Articles

Back to top button