राष्ट्रीय

उत्तर भारत के कई इलाकों में पारा शून्य के करीब पहुंचा

97936-northनई दिल्ली : सर्द हवाओं और कोहरे का शनिवार को उत्तर भारत के अधिकांश भागों में असर दिखाई दिया और सड़क तथा रेल यातायात प्रभावित होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई इलाकों में पारा जमाव बिंदु के पास रहा।

दिल्ली में शनिवार को सर्द सुबह के साथ न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि आज का अधिकतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री कम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सुबह के वक्त कोहरे का कहर देखने को मिला जिससे कुछ ही दूर की चीजें हदे निगाह में रह गईं ।

जम्मू और कश्मीर के श्रीनगर में कल अब तक की सबसे ठंडी रात रही । सर्द हवाओं के चलते पारा जमा देने की सीमा से नीचे पहुंच गया यहां का न्यूनतम तापमान माइनस 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया कल श्रीनगर का न्यूनतम तापमान माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम अधिकारी ने बताया कि पारा गिरने से डल झील के किनारे का पानी जम गया है। अधिकारी ने बताया कि कश्मीर घाटी के प्रवेश द्वार कांजीकुंड में तापमान माइनस 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अमरनाथ की वाषिर्क यात्रा के लिए दक्षिण कश्मीर स्थित आधार शिविर पहलगाम में आज तापमान माइनस 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया ।

गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लद्दाख का सीमांत क्षेत्र लेह राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां का न्यूनतम तापमान माइनस 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कारगिल में आज का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री नीचे गिरकर माइनस 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और उसके पड़ोसी राज्यों में सर्द लहर जारी रही । नारनौल हरियाणा का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा वहां का न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिसार में तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहा। वही करनाल और अंबाला में तापमान क्रमश: पांच डिग्री सेल्सियस और 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम अधिकारी ने बताया कि चंड़ीगढ़ में रात खासी सर्द रही। वहां तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से दो डिग्री कम था।

पंजाब के अमृतसर में तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 2.2 डिग्री सेल्सियस रहा। लुधियाना में 4.2 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में भी ठंड का कहर जारी रहा। चुरू राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा जहां तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वही राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में तापमान जमाव बिन्दू पर पहुंच गया।

इसबीच रेल प्रवक्ता ने बताया कि कोहरे के चलते उत्तर पश्चिम रेलवे की कम से कम 10 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं।

 

Related Articles

Back to top button