राष्ट्रीय

उपचुनाव नतीजे: यूपी में कांटे की टक्कर, देवबंद से जीती कांग्रेस

narendra-modi-akhilesh-yadav-533a9a387c8ec_exlstदस्तक टाइम्स एजेंसी/देश के 8 राज्यों की 12 विधानसभा सीटों में हुए उपचुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए हैं।
उत्तर प्रदेश और कर्नाटक की तीन-तीन विधानसभा सीटों के लिए मतगणना हुई। वहीं मध्य प्रदेश, बिहार, पंजाब महाराष्ट्र, त्रिपुरा और तेलंगाना की एक-एक सीटों पर मतगणना हुई। यहां 13 फरवरी को उपचुनाव हुए थे।

उत्तर प्रदेश के तीन सीटों पर हुए उपचुनाव में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। देवबंद से कांग्रेस उम्मीदवार की जीत हुई है। वहीं मुजफ्फरनगर सीट पर बीजेपी और फैजाबाद के बीकापुर सीट से सपा आगे है। बता दें कि पिछली बार तीनों सीटे समाजवादी पार्टी के पास थी।
 वहीं पंजाब के खंडूर साहिब से अकाली दल के उम्मीदवार रवींद्र सिंह ने पहले राउंड की गिनती के बाद आगे चल रहे हैं। यहां 13 फरवरी को हुए उपचुनाव में 58 फीसदी वोटिंग हुई थी। ये सीट पहले कांग्रेस के पास थी।

पिछले साल गुरु ग्रंथ साहिब के अनादर का विरोध करते हुए यहां के कांग्रेस विधायक रमनजीत सिंह सिक्की ने इस्तीफा दे दिया था। हालांकि इस सीट पर कुल 7 उम्मीदवार हैं लेकिन बड़े सियासी दलों में केवल अकाली दल ने ही अपना उम्मीदवार उतारा है।

मध्य प्रदेश के मैहर सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी आगे चल रही है। यहां कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस में है। अब तक ये सीट कांग्रेस के पास थी। यहां से साल 2013 में कांग्रेस के नारायण त्रिपाठी विधायक चुने गए थे। लेकिन उनके बीजेपी में जाने के बाद ये सीट खाली हुई थी। नारायण त्रिपाठी इस बार बीजेपी से इस चुनाव में उतरे हैं। वहीं कांग्रेस ने मनीष पटेल को मैदान में उतारा है।

बिहार का हरलाखी सीट एनडीए के खाते में गई है। उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के उम्मीदवार सुधांशु शेखर यहां से जीत गए हैं।

कर्नाटक में 3 विधानसभा सीटों के उपचुनाव में बीजेपी 2 सीटों पर आगे है वहीं कांग्रेस ने एक सीट पर बढ़त बनाई हुई है। यहां भी मुख्य मुकाबला कांग्रेस-बीजेपी में है। बिडार सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार रहीम खान आगे चल रहे हैं। वहीं हेब्बल सीट से बीजेपी के वाईए नारायणस्वामी आगे हैं। देवदुर्गा सीट की बात करें तो यहां भी बीजेपी के शिवाना गौड़ा नाईक आगे चल रहे हैं।

वहीं अगर महाराष्ट्र में हुए एक सीट के उपचुनाव की बात करें तो यहां शिवसेना उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। पालघर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आखिरी दौर की मतगणना के बाद शिवसेना के उम्मीदवार अमित घोडा ने 18948 वोटों से बाजी मारी है।

 
 

Related Articles

Back to top button