अजब-गजब

एक आदमी की आंत में फंसी थी अजीब-सी चीज, डॉक्टर भी देखकर रह गए हैरान

पेट में अजीबोगरीब चीजें फंसने की खबरें अक्सर आती रहती हैं। चीन में भी ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 51 वर्षीय शख्स के पेट में एक अजीब सी चीज फंसी थी। जब डॉक्टरों ने सीटी स्कैन किया तो देख कर वो भी हैरान रह गए।

दरअसल, गुआंगडोंग प्रांत के शेनजेन शहर में रहने वाले ली ने 20 साल पहले आत्महत्या करने की कोशिश की थी, क्योंकि उसे बताया गया था कि वह एचआईवी से पीड़ित है। इस कारण वह तनाव में आ गया था और आत्महत्या करने के लिए टूथब्रश निगल लिया था।

इसी साल जून महीने में जब ली के पेट में भयानक दर्द हुआ तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान डॉक्टरों ने उसका सीटी स्कैन किया तो उसकी छोटी आंत में एक अजीब सी चीज फंसी हुई देखी। जब डॉक्टरों ने इस बारे में ली से पूछा, तो उसने बताया कि वह 20 साल पुराना टूथब्रश हो सकता है, जो उसने आत्महत्या करने के लिए निगल लिया था।

हालांकि डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर ली के पेट से वो टूथब्रश निकाल लिया है। डॉक्टर लियू के मुताबिक, वह टूथब्रश ली के पेट में कई सालों तक रहा होगा और धीरे-धीरे जाकर उसकी छोटी आंत में फंस गया होगा।

डॉक्टर लियू ने बताया कि अगर समय रहते आंत में फंसे टूथब्रश को नहीं निकाला गया होता तो वह ली के लीवर तक पहुंच सकता था और इसके कारण उसकी जान भी जा सकती थी।

Related Articles

Back to top button