टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराजनीतिराष्ट्रीय

एनडीए को मजबूत करने के लिए उद्धव ठाकरे से मिले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह


मुंबई : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज शिव सेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। दोनों नेताओं की मुलाकात उद्धव ठाकरे के पश्चिमी उप नगर बान्द्रा स्थित घर मातोश्री पर रात लगभग पौने आठ बजे पहुंचे। अमित शाह ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को मजबूत करने के लिए ‘समर्थन के लिए संपर्क’ अभियान के तहत ठाकरे से मुलाकात की। शिव सेना भले ही केन्द्र और महाराष्ट्र सरकार में शामिल है लेकिन दोनों पार्टियों के बीच संबंध सामान्य नहीं है। यह संबंध पालघर लोकसभा सीट के उप चुनाव के दौरान और खराब हो गये थे। इसके बाद ही ठाकरे ने आगामी चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा कर दी थी। भाजपा ने मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर 2019 के लोकसभा चुनावों की तैयारी को ध्यान में रखकर ‘समर्थन के लिए संपर्क’ अभियान शुरू किया है। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों समेत पार्टी के करीब 4000 पदाधिकारी विभिन्न क्षेत्रों की एक लाख जानीमानी हस्तियों से संपर्क करेंगे। इस अभियान के तहत शाह स्वयं 50 लोगों से मुलाकात करेंगे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज उद्योगपति रतन टाटा से 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले अपनी पार्टी के संपर्क फॉर समर्थन अभियान के तहत मुलाकात की। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रावसाहेब दानवे भी इस दौरान मौजूद थे। शाह ने दक्षिण मुंबई में टाटा के आवास पर उनसे मुलाकात की। बैठक के दौरान शाह ने पिछले चार वर्षों में मोदी सरकार की उपलब्धियों और उसकी पहल पर चर्चा की। यह बैठक तकरीबन 30 मिनट तक चली। शाह ने आज दोपहर यहां पहुंचने पर फडणवीस, दानवे, राज्य मंत्री विनोद तावड़े और संगठन सचिव विजय पुराणिक के साथ उपनगरीय बांद्रा में रंगशारदा में संक्षिप्त बैठक की। अमित शाह की आज सुरों की मलिका लता मंगेशकर से भी मुलाकात होने वाली थी। लेकिन गायिका के बीमार होने के कारण मुलाकात टल गई। भारत रत्न से सम्मानित गायिका ने ट्वीट करते हुए बताया कि भोजन विषाक्तता के कारण वह शाह से मुलाकात नहीं कर पाईं और उन्होंने उनसे फोन पर बातचीत की। साथ ही उन्होंने उनकी अगली मुंबई यात्रा के दौरान उनसे मिलने का निवेदन भी किया। लता ने लिखा कि आज भाजपा अध्यक्ष माननीय अमित शाह जी से मेरी मुलाकात होने वाली थी, परंतु मुझे फूड पॉइजनिंग होने की वजह से मैंने उनसे टेलीफोन पर बात कर मिलने में असमर्थता व्यक्त की और अगली बार जब वह मुंबई आयेंगे तब उनसे मिलने का निवेदन किया। अमित शाह इस अभियान के तहत आज यहां फिल्म अभिनेत्री माधुरी दीक्षित से भी मिले और उन्हें नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां बतायीं। भाजपा अध्यक्ष के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दूसरे भाजपा नेता भी मौजूद थे। करीब 40 मिनट चली बैठक में शाह ने अभिनेत्री को पिछले चार सालों में भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाने वाली एक पुस्तिका भेंट की। बैठक में माधुरी के पति श्रीराम नेने भी मौजूद थे। नेने एक सर्जन हैं। अमित शाह ने ट्विटर पर लिखा कि संपर्क से समर्थन पहल के तहत मुंबई में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित से उनके घर पर मिलना सुखद था। हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की सफलताओं एवं क्रांतिकारी पहलों पर चर्चा की। इससे पहले वह पूर्व सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग, लोकसभा के पूर्व महासचिव सुभाष कश्यप, पूर्व क्रिकेटर कपिल देव, पूर्व प्रधान न्यायाधीश आर सी लाहोटी और योग गुरू रामदेव से भी मुलाकात के थी।

Related Articles

Back to top button