स्पोर्ट्स

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वॉर्न पर लगा एक साल का बैन, छठी बार तोड़ा कानून

दुनियाभर के क्रिकेटर्स को अपनी फिरकी पर नचाने वाले वॉर्न खुद संन्यास के बाद अक्सर विवादों के बीच ही घूमते रहते हैं। हमेशा से विवादों में रहने वाले ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न एक बार फिर से विवाद में फंस गए हैं।

ताजा मामले में सोमवार को वॉर्न पर 12 महीने का प्रतिबंध लगा दिया गया है। दो साल के अंदर छठी बार तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने की वजह से अब वे एक साल तक गाड़ी नहीं चला पाएंगे।

पूर्व लेग स्पिनर ने खुद माना कि वे पिछले साल लंदन में किराए की जगुआर गाड़ी को 64किमी/घंटे की रफ्तार से भगा रहे थे जिसकी वजह से कानून टूटा, इस वजह से अब उन्हें नियम के अनुसार एक साल तक गाड़ी चलाने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।

इतना ही नहीं 50 वर्षीय वॉर्न को 2 लाख रुपए से अधिक का जुर्माना देने के लिए भी कहा गया है। वॉर्न पश्चिमी लंदन में रहते हैं और ये छठी बार था जब उन्होंने ट्रैफिक नियम तोड़ा जिसके बाद उन्हें सजा सुनाई गई है।

बता दें कि टेस्ट क्रिकेट में 708 विकेट चटकाने वाले ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर शेन वार्न ने जितना अपने खेल से दुनिया को प्रभावित किया है उतना ही वे विवादों की वजह से भी चर्चा में रहे हैं।

इससे पहले 1998 में वॉर्न पर बुकी/बिचौलिए को जानकारी देने के लिए जुर्माना लगाया गया था और 2003 के वर्ल्ड कप से कुछ दिन पहले वो प्रतिबंधित पदार्थों के सेवन का दोषी पाए जाने पर एक साल के बैन के साथ क्रिकेट से दूर हो गए थे। वॉर्न कई सारे सेक्स स्कैंडल्स में भी फंस चुके हैं।

Related Articles

Back to top button