राष्ट्रीय

औरंगजेब और खिलजी के पदचिन्हों पर चल रहे राहुल : भाजपा

नई दिल्ली : भाजपा नेता जीवीएल नरसिम्हा राव ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर अलाउद्दीन खिलजी और औरंगजेब जैसे मध्यकालीन सुल्तानों के पदचिन्हों पर चलने का आरोप लगाया है। राव ने यह टिप्पणी गुजरात चुनाव के दौरान राहुल गांधी के मंदिरों में दर्शन को लेकर की। राजकोट में पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा नेता राव ने कहा, ‘मुगल शासक औरंगजेब ने अपने शासनकाल में कई मंदिरों को ध्वस्त किया। लेकिन जब आम लोगों ने उसका विरोध किया तब उसने दो-तीन मंदिरों का निर्माण कराने का वादा किया। अलाउद्दीन खिलजी ने भी ऐसा ही किया। अब राहुल गांधी उसी दिशा में जा रहे हैं।’

बता दें कि गुजरात में अपने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान राहुल गांधी अक्षरधाम समेत कई मंदिरों में गए। भाजपा ने उन पर बहुसंख्यकों को आकर्षित करने के लिए नरम हिंदुत्व कार्ड खेलने का आरोप लगाया है।
राव ने अयोध्या मुद्दे के समाधान के लिए उत्तर प्रदेश शिया वक्फ बोर्ड द्वारा पेश प्रस्ताव को भी अच्छा बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को इस मामले में मौन तोड़कर अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से यह स्पष्ट करने को भी कहा कि वह मुगल शासक बाबर को किस रूप में देखती है, जिसके बारे में माना जाता है कि उसने 16 वीं सदी में अयोध्या में मस्जिद बनवायी।

Related Articles

Back to top button