उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राज्यलखनऊ

कल सुबह नासिक से लखनऊ आएंगे 847 प्रवासी श्रमिक…

लखनऊ: कोरोना वायरस लॉकडाउन के कारण फंसे कामगार तथा श्रमिकों को अब रेलवे ने उनके गंतव्य तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। देश के हर बड़े शहर से स्पेशल ट्रेन इनको लेकर राज्यों की राजधानी के साथ अन्य बड़े शहर रवाना हो रही हैं। नासिक में फंसे प्रदेश के 847 प्रवासी मजदूरों को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन लखनऊ रवाना हो चुकी है। ट्रेन रविवार को सुबह लखनऊ पहुंचेगी। स्पेशल ट्रेन मार्ग में कहीं नहीं रुकेगी।

भारतीय रेलवे ने लॉकडाउन में फंसे श्रमिक, छात्र-छात्राओं के साथ एवं तीर्थयात्रियों को उनके घर तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी ली है। शुक्रवार से यह अभियान शुरू हो चुका है। इसी क्रम में महाराष्ट्र में फंसे उत्तर प्रदेश के लोगों को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन आज दिन में नासिक से लखनऊ के लिए चली है। इसमें 847 यात्री हैं। यह ट्रेन रविवार को सुबह छह से सात बजे के बीच लखनऊ पहुंचेगी। इन सभी 847 यात्रियों को चारबाग रेलवे स्टेशन से एक ही गेट से बाहर निकाला जाएगा। इस दौरान सभी लोगों की स्क्रीनिंग कराई जाएगी और घर भेजने की व्यवस्था की जाएगी। स्टेशन के बाहर जिलों के हिसाब से लगी परिवहन निगम की बसों से उनको उनके घरों को रवाना किया जाएगा। नासिक से आ रहे बड़ी संख्या में यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के लिए रेलवे, परिवहन निगम और शासन के अधिकारियों के बीच बैठक में योजना भी बनी है।

देश भर में आज छह श्रमिक स्पेशल ट्रेन को रवाना किया गया है। इनमें सवार यात्रियों से कोई टिकट नहीं लिया गया है। इनका खर्च संबधित राज्य सरकार वहन करेंगी। नासिक में ट्रेन में बैठाने से पहले यात्रियों की स्कैनिंग की गई। इसके साथ ही उनको मास्क भी उपलब्ध कराया गया। यात्रियों की जांच कराकर ट्रेन में लाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। भोजन और पानी की व्यवस्था भी ट्रेन में राज्य सरकार ही करेंगी। रास्ते में एक बार भोजन और पानी की जिम्मेदारी भारतीय रेल की है। यात्रियों की जांच, भोजन पानी और घर तक जाने या क्वारेंटाइन सेंटर जाने की व्यवस्था राज्य सरकार की है।

Related Articles

Back to top button