अजब-गजबफीचर्डराजनीतिराष्ट्रीय

कांग्रेस का एजेंडा झूठा, झूठे हैं राहुल गांधी : भाजपा

नयी दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल के आरोपों का जवाब देने के लिए भाजपा की ओर से कमान संभालने वाली रक्षा मंत्री और वरिष्ठ नेता निर्मला सीतारमण ने कहा, ‘झूठ बोलना, झूठ बेचना और झूठ की खेती करना कांग्रेस का फैशन है। कांग्रेस महाधिवेशन में राहुल गांधी के भाषण के साथ पारित चार प्रस्ताव झूठ के पुलिंदे भर हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के भाषण से स्पष्ट हो जाता है कि वह कितना सच बोलते हैं।
       निर्मला सीतारमण ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश पर आपातकाल थोपा, सिखों का नरसंहार कराया, देश के टुकड़े करने वालों के समर्थन में खड़े होकर भाषण दिए, आतंकवादियों की मौत पर आंसू बहाए, भगवान राम के अस्तित्व को नकारा, 12 लाख करोड़ के घपले में शामिल रही। कश्मीर समस्या कांग्रेस की देन है। जनता के नकारे जाने से राहुल गांधी मानसिक दिवालियेपन के शिकार हो गए हैं, वैचारिक दिवालियेपन के शिकार तो वे पहले ही थे। राहुल गांधी और कांग्रेस हिंदू धर्म का उपहास उड़ाने का एक भी मौका नहीं छोड़ते हैं और अब वे अपनी तुलना पांडवों से कर रहे हैं। यह हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने हमेशा ही हिंदू धर्म, आस्था और मान्यताओं का मजाक उड़ाया है। भाजपा राहुल द्वारा हिन्दू धर्म का अपमान करने की निंदा करती है और राहुल एवं कांग्रेस से अविलम्ब माफी की मांग करती है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस देश के स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करने का कोई भी मौक़ा नहीं छोड़ती। देश वीर सावरकर को भारत की एकता और अखंडता के लिए उनके अमूल्य योगदान को नमन करता है लेकिन राहुल गांधी उनका अपमान करते हैं। कांग्रेस की पिछली संप्रग सरकार पर भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अंतरिक्ष से लेकर पाताल तक कांग्रेस ने संप्रग सरकार के 10 वर्षों में 12 लाख करोड़ रुपए के कथित घोटाले किए। उन्होंने कहा कि घोटाला कांग्रेस की पहचान है, झूठ फैलाना ही कांग्रेस की नीति है जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने पिछले चार सालों में देश को भ्रष्टाचार-मुक्त, निर्णायक एवं पारदर्शी सरकार देने का काम किया है। कांग्रेस महाधिवेशन में पारित आर्थिक प्रस्ताव पर निर्मला सीतारमण ने दावा किया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत लगातार तीन वर्ष तक विश्व की सबसे तेज गति से आगे बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था बनी रही, लेकिन कांग्रेस को यह दिखाई नहीं दे रहा। कांग्रेस द्वारा कृषि ऋण माफी का वादा करने पर निशाना साधते हुए सीतारमण ने कहा कि 2008-09 में कांग्रेस ने वोटबैंक की राजनीति के लिए किसानों की ऋण माफी का ड्रामा किया जबकि मीडिया में इसमें हुए घोटाले की कहानियां छप रही थीं। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस महाधिवेशन के समापन भाषण में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तुलना महाभारत के कौरवों से और कांग्रेस की तुलना पांडवों से की।
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस के महामंथन में जो बातें सामने आई हैं उसका यर्थार्थ से कोई नाता नहीं है। ऐसा दर्शाया गया है जैसे कांग्रेस लगातार चुनाव जीत रही है, जबकि हकीकत यह है कि कांग्रेस एक के बाद एक चुनाव हार रही है। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा एक के बाद एक चुनाव जीत रही है। उन्होंने कहा कि जहां तक उत्तर प्रदेश में दो सीटों पर उपचुनाव में पराजय की बात है, इस बारे में हमारे मुख्यमंत्री ने आत्मचिंतन की बात कही है। लेकिन महत्वपूर्ण बात यह है कि इन दोनों सीटों पर कांग्रेस की जमानत जब्त हुई है। जीएसटी के आरोपों पर पलटवार करते हुए सीतारमण ने कहा कि विश्व बैंक ने जीएसटी को ऐतिहासिक बताया और इसकी सराहना की। जीएसटी की दर काउंसिल तय करती है जिसमें कांग्रेस शासित राज्यों के भी वित्त मंत्री होते हैं और आज तक सभी फैसले आपसी सहमति से लिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button