फीचर्डराजनीतिराष्ट्रीय

कांग्रेस की मंदसौर में होने वाली किसान रैली राजनीति से प्रेरित : राजनाथ

भोपाल : गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की छह जून को मंदसौर में होने वाली किसान रैली राजनीति से प्रेरित है। एक जून से मध्य प्रदेश में शुरू होने वाले 10 दिवसीय किसान आंदोलन पर पूछे गये सवाल के जवाब में राजनाथ ने कहा कि मैं स्पष्ट करना चाहूंगा कि हमारे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल कहा कि वह किसानों का आंदोलन नहीं, बल्कि कांग्रेस का आंदोलन है। उन्होंने यह सच कहा। मंदसौर में राहुल की छह जून को होने वाली किसान रैली की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, जब भी चुनाव होते हैं, कांग्रेस के अध्यक्ष किसी न किसी प्रकार से इसी तरह के काम करते हैं। राजनाथ ने कहा, वह कलावती को भूल गये। उत्तर प्रदेश के भट्टा-पारसौल के किसान आंदोलन को भूल गये। जो अब वह मंदसौर की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्या कोई इस सच्चाई को नकार सकता है कि शिवराज सिंह चौहान गरीबों एवं किसानों के प्रति बेहद संवेदनशील हैं। राजनाथ ने कहा, कांग्रेस ने 60 वर्षों तक लगातार देश में हुकूमत की है। क्यों नहीं किसानों की हालत सुधारी कांग्रेस ने। क्या किया उन्होंने किसानों के लिए। क्या वह संवेदनशीलता दिखाई है, जो यहां के मुख्यमंत्री ने दिखाई है। उन्होंने कहा कि हम यह दावा नहीं करना चाहते कि चार वर्षों में हम सारे परिवर्तन कर डालेंगे, लेकिन हमने लक्ष्य निर्धारित किया है। 2022 के आते-आते हम सारे हिन्दुस्तान के किसानों की आमदनी को दोगुना करेंगे। गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मंदसौर में किसानों पर पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी की घटना की पहली बरसी पर छह जून को वहां रैली करने जा रहे हैं। पिछले साल इसी दिन किसान आंदोलन के दौरान पुलिस गोलीबारी में कथित रूप से छह किसानों की मौत हो गई थी।

Related Articles

Back to top button