फीचर्डराजनीतिराष्ट्रीयलखनऊ

कुमार विश्वास पर अंडा फेंके, हंगामा मचा

kumar1लखनऊ (दस्तक ब्यूरो)। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता कुमार विश्वास की लखनऊ  में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में हंगामा हो गया। हंगामे के बाद इस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया। समाजवादी पार्टी (सपा) के एक कार्यकर्ता ने प्रेस कांफ्रेंस में घुसकर पहले नारेबाजी की  फिर अंडा फेंका। अंडा हालांकि विश्वास तक पहुंचा नहीं  लेकिन कुछ देर के लिए हंगामा मच गया। विश्वास अमेठी में रविवार को होने जा रहे अपने रोड शो के बारे में पत्रकारों को जानकारी दे रहे थे। उन्होंने अपने ऊपर अंडा फेंके जाने को हताशा का उदाहरण बताते हुए कहा कि कांग्रेस  भाजपा और सपा-तीनों पार्टियां घबराई हुई हैं। उन्होंने ऐलान किया कि आम आदमी पार्टी भाजपा नेता नरेंद्र मोदी सहित सभी विरोधी पार्टियों के बड़े नेताओं के खिलाफ उम्मीदवार उतारेगी और उन्हें लोकतांत्रिक ढंग से चुनौती देगी। विश्वास पर अंडा फेंकने वाले युवक का नाम सैफ जाफरी है। उसने खुद को मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड (बिजनौर) का अध्यक्ष बताया। उसने कहा किवह मुहर्रम के जुलूस को लेकर दिए गए कुमार विश्वास के बयान से नाराज था। मुहर्रम पर अपनी टिप्पणी के संदर्भ में विश्वास ने कहा कि सरदार पर पूरी दुनिया में चुटकुले सुनाए जाते हैं। हर कवि सम्मेलन में ऐसा देखा गया है  लेकिन उनके वीडियो निकालकर हास्यपूर्ण प्रसंग को सिख धर्म के खिलाफ बताना या भावनाएं भड़काने वाला बताना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी से अगर किसी की भावना आहत भी हुई है तो वह माफी मांगते हैं। विश्वास पत्रकारों के सवालों का एक-एक करके जवाब दे रहे थे  तभी वहीं मौजूद एक युवक ने ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए  जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच उसने एक अंडा विश्वास की ओर फेंका। बाद में उस शख्स को पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी है। हंगामे के बाद विश्वास ने कहा कि इसी तरह दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की प्रेस कांफ्रेंस में स्याही फेंका गया था। ऐसा हताशा में किया जा रहा है। कांग्रेस  भाजपा और सपा- तीनों पार्टियां आप के उभरने से घबराई हुई हैं। उन्होंने कहा कि देश में वंशवाद के खात्मे की शुरुआत अमेठी से ही होगी। देश के हर युवा को आगे बढ़ने और राजनीति करने का अधिकार है। कोई एक परिवार देश का भाग्य नहीं तय कर सकता। कुमार विश्वास ने राजधानी लखनऊ  पहुंचने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा  देश में 67 वर्षों बाद वंशवाद के खात्मे की शुरुआत अमेठी से ही होगी। अमेठी में आप के कार्यकर्ता पहले से ही सक्रिय हैं। बिगुल बज चुका है और अब वंशवाद को फलने-फूलने का मौका नहीं दिया जाएगा। विश्वास ने विश्वास जताया कि दिल्ली में जिस तरह से लोगों ने आप को प्यार दिया और 15 वर्ष पुरानी कांग्रेस की सत्ता को उखाड़ फेंका  उसी तरह का प्यार अमेठी की जनता से भी मिलेगा। विश्वास ने कहा कि हताशा में उनके विरोधी उनकी पांच साल पुराने  दस साल पुराने कवि सम्मेलनों में की गई टिप्पणियों को मुद्दा बना रहे हैं और उन्हें धार्मिक भावनाएं भड़काने वाला बताकर उनका विरोध कर रहे हैं।  उन्होंने कहा कि जब तक आम आदमी पार्टी नहीं थी  तब तक वे मंच से नरेंद्र मोदी की भी तारीफ कर चुके हैं और पिछले लोकसभा चुनाव में राजनाथ सिंह को वोट दे चुके हैं  क्योंकि तब तक कोई विकल्प जनता के पास नहीं था। कुमार विश्वास राजधानी में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान कई लोगों के आप से जुड़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है। विश्वास रविवार को सड़क मार्ग से अमेठी के लिए रवाना हो जाएंगे। जहां वह अमेठी के गौरीगंज में आयोजित जन विश्वास रैली में हिस्सा लेंगे।

Related Articles

Back to top button