मनोरंजनस्पोर्ट्स

खुद मोटापे से जूझ चुके अर्जुन कपूर ने नीरज चोपड़ा को बताया अपनी प्रेरणा, कही दिल छू लेने वाली बात

पिछले कई दिनों से चारों तरफ टोक्यो ओलंपिक की ही गूंज सुनाई दे रही है। हाल ही में भारत के जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने करीब 13 साल बाद भारत को ओलंपिक में गोल्ड मेडल जिताया है। उनकी इस एतिहासिक जीत पर पूरा देश खुशी से झूम रहा है और सभी उन्हें बधाई दे रहे हैं। पीएम मोदी के साथ साथ कई फिल्मी सितारों ने भी नीरज की जीत पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। अब अभिनेता अर्जुन कपूर ने नीरज के लिए एक दिल छू लेने वाली बात कही है।

एक समय था जब अर्जुन कपूर 140 किलो के थे, बाद में उन्होंने बिना किसी सर्जरी के अपना 50 किलो वजन घटाया। ऐसी ही कुछ मिलती जुलती कहानी टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा की भी है। दरअसल, जब नीरज 12 साल के थे तब उनका वजन 90 किलो तक पहुंच गया था। इतनी कम उम्र में इतना वजन किसी के लिए भी सामान्य नहीं है। बाद में नीरज ने खुद को फिट करने की ठानी और आज नतीजा सबके सामने है। ऐसे में अर्जुन कपूर ने नीरज के लिए एक खास नोट लिखा है।

अर्जुन अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से लिखते हैं, ‘मोटापे से सामना करना शारीरिक और मानसिक रूप से थका देने वाला होता है। यह लड़का (नीरज चोपड़ा) ना केवल इससे उभरा बल्कि देश के लिए गोल्ड मेडल भी जीता। नीरज आप मेरे लिए और पूरे देश के लिए एक प्रेरणा हैं।’ बता दें, मोटापे की वजह से अर्जुन कभी हीरो बनने के बारे में सोचते भी नहीं थे। अर्जुन फिल्मों में काम करने से पहले बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम करते थे। हाल ही में अर्जुन ने अपनी वेट लॉस जर्नी को लेकर एक पोस्ट भी किया था। अर्जुन ने एक तस्वीर साझा की थी जिसमें एक तरफ काफी मोटे तो दूसरी तरफ फिट नजर आ रहे थे। अर्जुन ने लिखा था, ‘पहले मैं बहुत मोटा, बहुत परेशान था, नहीं नहीं यह उन पोस्ट में से नहीं है। बस इतना बताना चाह रहा हूं कि मुझे अपनी जिंदगी के हर अध्याय से प्यार है। वे दिन भी और अब भी, हर रास्ते पर मैं हमेशा वैसा ही रहा हूं जैसा हूं। हर पल को मैं मनाता हूं। हर किसी की तरह मैं भी आगे बढ़ने के लिए काम कर रहा हूं।’

Related Articles

Back to top button