दिल्लीराज्यराष्ट्रीय

खुशखबरी: अब पहचान पत्र दिखाएं और ले जाएं पांच किलो वाला सिलेंडर

नई दिल्ली: पांच किलो वाला रसोई गैस सिलेंडर अब हाथों-हाथ मिल सकेगा। इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आईओसी) उपभोक्ताओं के लिए नई योजना लेकर आया है। इसके तहत अब आप केवल पहचान पत्र के ही गैस सिलेंडर अपने घर ले जा सकते हैं। यानी ग्राहक को पैसे जमा करते ही पांच किलो का सिलेंडर मिल जाएगा। आईओसी के ट्वीट के मुताबिक, ग्राहक अपने शहर में इंडेन के किसी भी डिस्ट्रीब्यूटर या प्वाइंट ऑफ सेल पर जाकर 5 किलो का रसोई गैस सिलेंडर खरीद सकते हैं। उपभोक्ता केवल पैसे दें और आईडी कार्ड दिखाकर सिलेंडर ले जाएं। उज्ज्वला योजना के तहत मिले सिलेंडर को उपभोक्ताओं द्वारा रिफिल नहीं करवाने की समस्या से निजात पाने के लिए सरकार ने 5 किलो वाले सिलेंडर की योजना शुरू की थी। इसमें उपभोक्ता 14 किलो वाला सिलेंडर जमा कर 5 किलो वाला सिलेंडर ले सकते हैं।

घरेलू 133 रुपए और कामर्शियल 202 रुपए सस्ता हुआ सिलेंडर

डॉलर के मुकाबले रुपए की मजबूती और अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी के दामों में रिकार्ड गिरावट ने इस गुजरते वर्ष में उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। राजधानी में नॉन सब्सिडाइज घरेलू गैस सिलेंडर 133.50 रुपए सस्ता हो गया है। इससे एक हजार के नजदीक पहुंचे घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलो) का बाजार भाव गिरकर 846 रुपए हो गया है। वहीं कामर्शियल सिलेंडर के दामों में 202.00 रुपए की गिरावट आई है। अब कामर्शियल सिलेंडर (19 किलो) के लिए कारोबारियों को 1476.50 रुपए चुकाने होंगे। एलपीजी रसोईं गैस के दामों में रिकार्ड कमी से आम उपभोक्ता और कारोबारी दोनों खुश हैं।

जुलाई से लगातार बढ़ रहे दाम

एलपीजी सिलेंडर के दाम का ग्राफ जुलाई माह से लगातार चढ़ता जा रहा था। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस वर्ष जून में घरेलू सिलेंडर 724 रुपए का था। जो कि बढ़ते-बढ़ते नवम्बर माह में 979.50 रुपए पर पहुंच गया था। यानी पांच माह में घरेलू सिलेंडर के बाजार भाव में 255.50 रुपए का इजाफा हो गया था। इसी तरह से पांच माह में कामर्शियल सिलेंडर 387 रुपए महंगा हुआ। जून में 1291 रुपए का कॉमर्शियल सिलेंडर नवम्बर में 1678.50 रुपए में बिक रहा था। जो दिसम्बर में हुई रिकार्ड गिरावट के बाद 1476.50 रुपए का हो गया है।

Related Articles

Back to top button