उत्तर प्रदेश

गीजर से हुई गैस रिसाव, मां और 2 बच्चों की मृत्यु


आगरा : उत्तर प्रदेश में आगरा के शाहगंज क्षेत्र में बाथरूम में लगे गीजर से गैस रिसाव होने के बाद दम घुटने से तीन लोगों की मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि शाहगंज के पांडव नगर में बाथरूम में गीजर से गैस रिसाव से दम घुटने से कारोबारी की पत्नी और दो मासूम बेटियों की मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि 131 पांडव नगर निवासी रोहित धूपड़ का जयपुर हाउस में साड़ी शोरूम है। उनके पिता डॉ. नवीन का पास में ही दवाखाना है। रविवार को रोहित, उनके पिता और मां विमल शोरूम और दवाखाने पर गए थे। घर में रोहित की पत्नी रितु (38 वर्ष) और उनकी छह वर्षीय बेटी सचिका तथा तीन वर्षीय बेटी कायरा थीं। सूत्रों ने बताया कि शाम को रोहित ने घर फोन किया था । फोन नही उठने पर रोहित ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला को घर पर जाकर देखने को कहा। महिला से भी काफी प्रयास के बाद दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद रोहित घर पहुंचा। बाथरूम में उसकी पत्नी रितु और दोनों बच्चे नहाने की अवस्था में मृत पड़े हुए थे। पुलिस को गीजर की गैस और पानी की टंकी खाली मिली है। बाथरूम में एग्जॉस्ट फैन भी बंद था। इसी कारण मौत का कारण दम घुटना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button