अन्तर्राष्ट्रीय

चक्रवात लेकिमा से चीन में मृतकों की संख्या बढ़कर 49 हुई

पेइचिंग : चीन में इस साल के सबसे शक्तिशाली चक्रवात लेकिमा की चपेट में आने से अभी तक 49 लोगों की जान जा चुकी है और अन्य 21 लोग लापता हैं। लेकिमा चक्रवात इस साल चीन में आया नौवां और सबसे शक्तिशाली चक्रवात है। वेनलिंग सिटी के झेजियांग प्रांत में शनिवार को लेकिमा ने देर रात करीब पौने दो बजे (स्थानीय समयानुसार) दस्तक दी।
इस दौरान 190 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, और जोरदार बारिश हुई। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर के अनुसार चक्रवात के कारण सोमवार देर रात तक 49 लोगों की जान चली गई थी और कई लोग लापता थे। अधिकारियों ने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा से करीब 26 अरब युआन का नुकसान हो चुका है।
चीन के पूर्वी तट पर चक्रवाती तूफान लेकिमा के असर का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि करीब 65 लाख लोग इससे प्रभावित हैं। तूफान के कारण 1.46 लाख लोगों को राहत और बचाव टीम ने सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया है। चीन के आपातकाल मंत्रालय ने बताया कि तूफान का असर देश के कई प्रमुख शबरों तक है। तूफान का सबसे ज्यादा असर शंघाई, झेजियांग, जियांग्सु, आन्हुई, शेन्डोंग और फुजियान में हुआ है।
चीन के आपदा मंत्रालय के अनुसार तूफान के कारण 35 हजार घरों को नुकसान पहुंचा है और 3500 मकान पूरी तरह से गिर गए। तूफान का विनाशकारी असर कृषि भूमि पर भी पड़ा है। 2 लाख 65,500 हेक्टेयर की फसल तूफान के कारण बर्बाद हो चुकी है। तूफान के कारण झेजियांग के वेनलिंग शहर में शनिवार को भूस्खलन हुआ। भारी बारिश तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई, हजारों पेड़ उखड़ गए।

Related Articles

Back to top button