राष्ट्रीय

जानलेवा हो सकता है कबूतरों को दाना खिलाना!

मुंबई : क्या आप कबूतरों को दाना खिलाते हैं? अगर हां, तो आपको सावधान हो जाना चाहिए। आपको यकीन हो न हो, मगर ऐसा करने से आपकी जान को खतरा हो सकता है। हाल ही में भारत में फेफड़ों की एक बीमारी सामने आई है और इसको फैलाने के लिए कबूतर काफी हद तक जिम्मेदार हैं। इस बीमारी का कोई इलाज नहीं है और दवाओं से मरीज की जिंदगी महज कुछ दिनों के लिए बढ़ाई जा सकती है। हायपरसेंसिटिव न्यूमोनिटिस (एचपी) नामक यह बीमारी पक्षियों के कारण फैलती है। इसके कण कबूतर के पंखों की मदद से फैल सकते हैं, इसलिए उनके बीच सांस लेने से इसका खतरा बढ़ जाता है और यह रोग हो सकता है।

मुंबई और पुणे में तेजी से फैलते इस रोग के चलते स्थिति चिंताजनक है। इस रोग से फेफड़ों के ट्रांसप्लांट तक की नौबत आ सकती है। पुणे के एक डॉक्टर ने बताया, इस रोग में फेफड़ों का आकार कम हो जाता है, जिससे शरीर को पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन नहीं मिल पाती। इस रोग से ग्रस्त कई मरीजों को वेंटिलेटर तक पर रखना पड़ता है। डॉक्टर सलाह देते हैं कि कबूतरों या पक्षियों से दूर रहने में ही फायदा है। इस बीमारी से शरीर को होने वाले नुकसान से बचाने की कोई आसान दवा अब तक नहीं आ सकी है। 

 

Related Articles

Back to top button