राष्ट्रीय

जेएनयू विवाद : आवाज़ के नमूने लेगी पुलिस, कन्हैया ने बताए कई नाम

jnu-protests_650x400_81455429371दस्तक टाइम्स एजेंसी/ नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस जेएनयू में संसद हमले के दोषी अफजल गुरु और पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए जाने के मामले में गिरफ्तार छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की आवाज के नमूने लेने की बात कर रही है। दिल्ली पुलिस ने कोर्ट से इस संबंध में अपील की है।

पुलिस का कहना है कि कन्हैया कुमार से कई अहम जानकारियां मिली हैं। सूत्रों का कहना है कि कन्हैया कुमार ने  ‘A COUNTRY WITHOUT A POST OFFICE’ प्रोग्राम में भाग लेने वाले कई लोगों के नाम बताए हैं। यह वही कार्यक्रम है, जिसमें भारत विरोधी नारे लगे थे। यह कार्यक्रम 9 फ़रवरी को हुआ था। फिलहाल सूत्रों का कहना है कि पुलिस पूछताछ कर रही है।

पुलिस के सूत्र बता रहे हैं कि जेएनयू में पीएचडी कर रहा छात्र उमर खालिद इस पूरे मामले का मुख्य कर्ताधर्ता है। उमर वीडियो में नारे लगाते दिख रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इसके अलावा पांच लोग हैं, जिनकी पुलिस को तलाश है।

पुलिस को जेएनयू कैंपस में जाने का अधिकार नहीं है इसलिए पुलिस ने जेएनयू के वीसी जगदीश कुमार से इस संबंध में इजाजत देने के लिए कहा है।

इस पूरे मामले की जांच कर रही दक्षिणी दिल्ली पुलिस ने एक लिखित पत्र वीसी को भेजा है। पुलिस ने इन सभी लोगों के बारे में जानकारियां मांगी है और इन्हें पेश करने की बात कही है।

 

Related Articles

Back to top button