अन्तर्राष्ट्रीय

दक्षिण कोरिया जहाज हादसे में 4 और गिरफ्तार

coसियोल। दक्षिण कोरिया में एक यात्री जहाज के डूब जाने की घटना में चार जहाजकर्मियों को ड्यूटी के वक्त लापरवाही बरतने और बचाव कार्य के नियमों के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। हादसे में मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर 64 हो गई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार  सेवोल नामक जहाज के एक मुख्य अभियंता सहित तीन और कर्मियों को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। जहाज दक्षिण कोरिया के दक्षिणपूर्वी समुद्रतट से दूर जिंदो आइसलैंड में डूब गया था। जहाज के कर्मचारियों से पूछताछ करने के बाद सोमवार को उन्हें गिरफ्तार किया गया। अभियोजन पक्ष के वकील अगले 3० दिनों तक उनको हिरासत में रखकर पूछताछ करेंगे। दो दिन पूर्व जहाज के तीन अन्य कर्मचारियों और कैप्टन को संकट के दौरान यात्रियों को बचाने की कोशिश किए बिना जहाज छोड़कर भाग जाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान कुछ नाविकों ने अभियोजन पक्ष के वकील को बताया कि खतरे की आशंका के बावजूद यात्रियों को जहाज छोड़ने के लिए आगाह नहीं किया गया था और जहाज के कैप्टन के बयान के साथ नाविकों के बयान का विरोधाभास था। सिन्हुआ ने बताया कि अब तक 64 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है  जबकि 238 अब भी लापता हैं। केवल 174 लोगों को बचाया जा सका है। दक्षिण कोरियाई जहाज पिछले सप्ताह बुधवार को डूब गया था। इसमें 476 लोग सवार थे  जिनमें 339 स्कूली छात्र और अन्य शिक्षक थे। छात्र एवं शिक्षक इस जहाज पर सवार होकर स्कूली सैर पर निकले थे  जब यह हादसा हुआ।

Related Articles

Back to top button