राज्य

दिल्ली में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड, 1961 के बाद अगस्त में पहली बार इतनी बारिश

नई दिल्ली। दिल्ली में बीते 24 घंटों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है। 24 घंटे के अदंर इतनी बारिश राजधानी में हुई है कि दशकों का रिकॉर्ड टूट गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला ने पिछले 24 घंटों में आज सुबह 8.30 बजे तक 138.8 मिमी बारिश दर्ज की। ये सीजन की सबसे ज्यादा एक दिन की बारिश है।

मौसम विभाग के अनुसार इससे पहले साल 1961 में अगस्त में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड दर्ज है। 2 अगस्त 1961 को एक दिन में 184 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। बारिश होने से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है तो वहीं कई जगह पर लोगों को जलभराव की समस्या का सामना भी करना पड़ रहा है। मिंटो ब्रिज पर भारी बारिश के बाद जलभराव शुरू हो गया है।

जलभराव के चलते मिंटो ब्रिज पर ट्रैफिक मूवमेंट रोक दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मिंटो ब्रिज की ओर से न जाएं। अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैक्लिपक मार्ग का उपयोग करें। इसी प्रकार से कई अन्य इलाकों में भी जलभराव की समस्या है। 1.5 फीट जलजमाव के कारण आजाद मार्केट अंडरपास को भी बंद कर दिया गया है। ट्रैफिक पुलिस की ओर से अपील की गई है कि कृपया इस मार्ग का उपयोग करने से बचें। असुविधा के लिए खेद है।

जलभराव और रास्ते बंद होने के चलते लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है। मौसम ठंडा हो गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार से ही दिल्ली-एनसीआर में बारिश शुरू होनी थी, जो अगले 2-3 दिन तक जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button