राज्यराष्ट्रीय

देश के लोग जिस राज्य में भी चाहें उन्हें वहां काम करने का है अधिकार: सुशील कुमार मोदी

बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने गुजरात में हिंदी भाषी लोगों पर हाल में हुए हमलों के मुद्दे को लेकर राज्य से कांग्रेस के विधायक अल्पेश ठाकोर पर निशाना साधा

पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने गुजरात में हिंदी भाषी लोगों पर हाल में हुए हमलों के मुद्दे को लेकर राज्य से कांग्रेस के विधायक अल्पेश ठाकुर पर निशाना साधा और कहा कि देश के लोग जिस भी राज्य में चाहें उन्हें वहां काम करने का अधिकार है। सुशील कुमार मोदी ने कहा कि गुजरात में हिंदी भाषी लोगों पर हमलों के बाद ओबीसी नेता (ठाकुर) में बिहार का दौरा करने का साहस नहीं है। सुशील कुमार मोदी पिछले महीने कुछ हिंदीभाषी मजदूरों पर कथित रूप से क्षत्रीय ठाकुर सेना के सदस्यों द्वारा हमले के बाद हिंदी भाषी मजदूरों के गुजरात से पलायन का उल्लेख कर रहे थे।

क्षत्रीय ठाकुर सेना अल्पेश ठाकुर के नेतृत्व वाला एक संगठन है। वहीं ठाकुर ने सुशील कुमार मोदी पर यह कहते हुए पलटवार किया कि वह वोट प्राप्त करने के लिए गंदी राजनीति में लिप्त होकर समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं। ठाकुर राधनपुर सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं और कांग्रेस ने उन्हें गत अगस्त में बिहार के लिए पार्टी मामलों का उप प्रभारी बनाया था। सुशील कुमार मोदी नर्मदा जिले के केवड़िया गांव में स्थित ‘स्टैच्यू आफ यूनिटी’ आये थे, जो सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित है और जिसका अनावरण हाल में किया गया था। उन्होंने कहा कि ठाकुर का अपना छवि सुधारने के प्रयास व्यर्थ जाएंगे। उन्होंने कहा, ‘उनके लिए छवि सुधारने के प्रयास के लिए काफी देरी हो चुकी है।

गुजरात में उन्होंने जिस तरह से हिंदी भाषियों से व्यवहार किया, उनमें बिहार आने का साहस नहीं बचा है। इस देश के लोगों को अपनी इच्छा के किसी भी राज्य में काम करने का अधिकार है। मेरा मानना है कि स्थानीय लोगों को नौकरियों में प्राथमिकता मिलनी चाहिए, अंतत: एक नागरिक देश में कहीं पर भी काम करने को स्वतंत्र है।’ सुशील कुमार मोदी ने कहा कि जैसे गुजराती समुदाय के लोग पूरे विश्व में फैले हैं, बिहार के लोग गुजरात, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में बसे हैं। सुशील कुमार मोदी के आरोप पर ठाकुर ने कहा कि गुजरात के अन्य राज्यों के मजदूर मेरे दुश्मन नहीं हैं, वे मेरे भाई हैं। मैं उनके अधिकारों के लिए लड़ रहा हूं। पर बीजेपी नेता मुझे उनके शत्रु के तौर पर पेश कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button