उत्तर प्रदेशराज्य

नाग-नागिन के जोड़े को लेकर दो गांवों में खूनी संघर्ष, 6 हिरासत में

कन्नौज : जिले में सांप मारने का विरोध करने पर दो गांव के लोगों के बीच बड़ा विवाद हो गया, जिसके बाद जमकर खूनी संघर्ष हुआ। बताया जा रहा है कि इस विवाद में करीब 7 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने दोनों पक्षों से मिली शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कन्नौज जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम पांच बजे के समय गांव बरूआ बाग के पास एक खेत में नाग और नागिन का जोड़ा घूम रहा था। करीब एक घंटे तक वहां जानवर चरा रहे लोग नाग-नागिन को देखते रहे। इसी बीच पड़ोसी गांव नहर घाटी के कुछ युवक पहुंच गए और सांप के जोड़ों को मारने लगे। इस पर बरूआ बाग के लोगों ने विरोध किया और गाली-गलौज कर मौके से भगा दिया। थोड़ी ही देर बाद चरवाहे जानवर लेकर गांव चले गए। तभी सांपों को मारने का प्रयास करने वाले युवकों के साथ करीब पचास लोग धारदार हथियारों से लैस होकर बरूआ बाग में घुस गए। उन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए गांव के लोगों पर हमला कर दिया जिसमें कई लोग घायल हो गए। इनमें करीब 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

घटना के बाद से गांव में दहशत फैल गई और लोगों ने घरों में छिपकर जान बचाई। मामले की जानकारी मिलते ही सदर कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक पुलिस बल के साथ बरूआ बाग गांव पहुंच गए। पुलिस को देखते हुए नहर घाटी के लोग भाग निकले। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी अमरेंद्र प्रसाद ने बताया कि सांपों को मारने का विरोध करने पर दो गुट आपस में भिड़ गए जिसमें करीब 7 लोगों को चोटें आई हैं। इस मामले में 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

Related Articles

Back to top button